लेटेस्ट खेल समाचार कोरोना देश राज्य क्राइम बिजनेस दुनिया नॉलेज ऑटो दुर्घटना ट्रेंडिंग लाइफ स्टाइल धर्म करियर टेक मनोरंजन

मुंशी प्रेमचंद जयंती पर उर्दू अकादमी में सजी कहानियों की रंगमंचीय प्रस्तुति, कलाकारों ने बटोरी वाहवाही

 





लखनऊ, 31 जुलाई। उत्तर प्रदेश उर्दू अकादमी मीडिया सेंटर द्वारा आयोजित पांचवें ड्रामा वर्कशॉप के अंतर्गत शुक्रवार को महान साहित्यकार मुंशी प्रेमचंद की जयंती उत्साह एवं गरिमामय वातावरण में मनाई गई। इस अवसर पर वर्कशॉप के प्रतिभागियों ने प्रेमचंद की कालजयी कहानियों का प्रभावशाली मंचन कर दर्शकों को भावविभोर कर दिया।


कार्यक्रम में प्रसिद्ध रंगकर्मी एवं वर्कशॉप की मीडिया कॉर्डिनेटर डॉ. सीमा मोदी ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने प्रतिभागियों का मार्गदर्शन करते हुए कहानियों के भाव, अभिनय और प्रस्तुति की बारीकियों से अवगत कराया। साथ ही उन्होंने ब्रजेश के साथ प्रेमचंद की प्रसिद्ध कहानी 'मां' की मार्मिक प्रस्तुति देकर उपस्थित दर्शकों की सराहना प्राप्त की।


राष्ट्रीय नाट्य विद्यालय (NSD) एवं भारतेंदु नाट्य अकादमी (BNA) से जुड़े वरिष्ठ नाट्य प्रशिक्षक गोविन्द जी ने कार्यशाला में अभिनय की विभिन्न तकनीकों का प्रशिक्षण दिया। उनके निर्देशन में प्रतिभागियों ने संवाद अदायगी, मंच संचालन और चरित्र चित्रण का प्रभावशाली प्रदर्शन किया।


कार्यक्रम में प्रेमचंद की चर्चित कहानियों 'बड़े घर की बेटी', 'मंत्र', 'ईदगाह (हामिद का चिमटा)' तथा 'मां' की प्रस्तुतियों ने दर्शकों को विशेष रूप से प्रभावित किया। विभिन्न टीमों के कलाकारों ने अपने सशक्त अभिनय से प्रेमचंद के साहित्य को जीवंत कर दिया।


इस अवसर पर उत्तर प्रदेश उर्दू अकादमी के सचिव शौकत अली एवं सुपरिटेंडेंट मुमताज ने कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि ऐसी कार्यशालाएं नई पीढ़ी को साहित्य, रंगमंच और भारतीय सांस्कृतिक विरासत से जोड़ने का प्रभावी माध्यम हैं।


मीडिया कॉर्डिनेटर डॉ. सीमा मोदी ने बताया कि अकादमी द्वारा आयोजित इस ड्रामा वर्कशॉप का उद्देश्य कला और रंगमंच के माध्यम से महान साहित्यकारों की अमर कृतियों को जीवंत बनाए रखना तथा युवा प्रतिभाओं को अभिनय के क्षेत्र में प्रशिक्षण और मंच उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी इस प्रकार की रचनात्मक गतिविधियों का आयोजन निरंतर किया जाएगा।