2026 मूलांक 1 वालों के लिए प्रगति और सफलता का वर्ष
![]() |
| न्यूमरोलॉजिस्ट सरोज अग्रवाल का विश्लेषण |
न्यूमरोलॉजी के अनुसार किसी भी व्यक्ति की जन्मतिथि उसके व्यक्तित्व, स्वभाव और आने वाले समय की संभावनाओं को दर्शाती है। यदि किसी व्यक्ति का जन्म महीने की 1, 10, 19 या 28 तारीख को हुआ है, तो उसका मूलांक 1 माना जाता है। न्यूमरोलॉजिस्ट सरोज अग्रवाल के अनुसार वर्ष 2026 मूलांक 1 वालों के लिए विशेष रूप से शुभ और उन्नति से भरा रहने वाला है।
सरोज अग्रवाल बताती हैं कि 2026 को न्यूमरोलॉजी में “राजा का साल” कहा जाता है। यह वर्ष नेतृत्व, आत्मविश्वास और निर्णय क्षमता को मजबूत करता है। मूलांक 1 के जातकों के लिए यह समय करियर, व्यवसाय और व्यक्तिगत जीवन में नए अवसर लेकर आएगा। विशेष रूप से व्यापार से जुड़े लोगों के लिए यह वर्ष विस्तार और विकास का संकेत देता है। नए प्रोजेक्ट शुरू करने, बिजनेस एक्सपेंशन और रुके हुए कार्यों के पूरे होने के प्रबल योग बन रहे हैं। इसके साथ ही जो धन लंबे समय से अटका हुआ है, उसके प्राप्त होने की भी अच्छी संभावनाएं हैं।
शिक्षा के क्षेत्र में भी यह वर्ष मूलांक 1 के विद्यार्थियों के लिए अनुकूल रहेगा। प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे छात्रों को सकारात्मक परिणाम मिल सकते हैं। आत्मविश्वास में वृद्धि होगी और लक्ष्य के प्रति फोकस मजबूत रहेगा।
हालांकि, सरोज अग्रवाल यह भी चेतावनी देती हैं कि इस वर्ष मूलांक 1 वालों में क्रोध की प्रवृत्ति बढ़ सकती है। अत्यधिक गुस्सा स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं को जन्म दे सकता है, जैसे उच्च रक्तचाप और एंजायटी। इसलिए मानसिक संतुलन बनाए रखना अत्यंत आवश्यक होगा।
स्वास्थ्य और मानसिक शांति के लिए वे कुछ उपाय भी सुझाती हैं। नियमित रूप से तांबे के लोटे में पानी लेकर उसमें थोड़ी सी चीनी मिलाकर सूर्य भगवान को अर्घ्य देना लाभकारी रहेगा। साथ ही आदित्य हृदय स्तोत्र का पाठ करने से आत्मबल और सकारात्मक ऊर्जा में वृद्धि होगी। जो लोग क्रिस्टल थेरेपी में विश्वास रखते हैं, वे गोल्डन रूटाइल क्रिस्टल धारण कर सकते हैं, जिसे आत्मविश्वास और सफलता का प्रतीक माना जाता है।
कुल मिलाकर वर्ष 2026 मूलांक 1 वालों के लिए प्रगति, सफलता और नेतृत्व क्षमता को मजबूत करने वाला वर्ष सिद्ध हो सकता है। सही दिशा में प्रयास, संयम और सकारात्मक सोच के साथ यह समय जीवन में नए आयाम जोड़ सकता है।
अगर आपको अपना कोई जनहित लेख, कविता, कहानी या अपने ब्रांड का प्रमोशन करना है आज ही संपर्क करें --- 9628606263


