लखनऊ। पर्यावरण संरक्षण और हरित विकास को बढ़ावा देने के उद्देश्य से न्याय चेतना अभियान के अंतर्गत नवोदय पार्क में वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर अभियान से जुड़े सदस्यों ने पार्क परिसर में 35 पौधों का रोपण कर पर्यावरण संरक्षण एवं स्वच्छ भारत के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों ने केवल पौधे लगाने तक ही अपनी जिम्मेदारी सीमित नहीं रखी, बल्कि उनकी नियमित देखभाल और संरक्षण का भी संकल्प लिया। अभियान से जुड़े सभी सदस्यों ने अनुशासन एवं उत्साह के साथ वृक्षारोपण में सक्रिय भागीदारी निभाई।
आयोजकों ने कहा कि बढ़ते प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन जैसी चुनौतियों के बीच अधिक से अधिक पौधारोपण समय की आवश्यकता है। ऐसे अभियान समाज में हरियाली बढ़ाने के साथ-साथ लोगों को पर्यावरण के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का भी एहसास कराते हैं।
न्याय चेतना अभियान का उद्देश्य केवल सामाजिक जागरूकता फैलाना ही नहीं, बल्कि पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता और जनहित से जुड़े कार्यों को भी प्रोत्साहित करना है। अभियान के माध्यम से लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा उनकी देखभाल करने की अपील की गई, ताकि आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ, सुरक्षित और स्वस्थ वातावरण उपलब्ध कराया जा सके।



