लखनऊ। समरसता सेवा संस्थान लोकमाता पुण्यश्लोका अहिल्याबाई होलकर की त्रिशताब्दी जन्म जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में सप्त दिवसीय भव्य श्रीराम कथा का आयोजन आगामी २० अक्टूबर २०२४ से २६ अक्टूबर २०२४ तक आयोजित कर रही है। ट्रस्ट के सुनील शर्मा ने बताया कि इस कथा का उद्देश्य समाज में सामाजिक समरसता के भाव को स्थापित करना है। उन्होंने कहा कि सामाजिक समरसता को स्थापित करने में मातृ शक्ति का विशेष योगदान होता है जिसको पूज्य लोकमाता अहिल्याबाई होलकर जी ने आज से लगभग ३०० वर्ष पहले विषम परिस्थितियों का सामना करते हुए भी एक साधारण परिवार में जन्म लेकर जगमाता एव पुण्यश्लोका बनने तक का सफर तय किया जो हम सभी के लिए प्रेरणा स्रोत है अतः इस अवसर पर यह श्री राम कथा का भव्य आयोजन किया जा रहा है। कथा का स्थान विज्ञानेश्वर महादेव मंदिर, विज्ञान खंड, गोमती नगर लखनऊ है। कथा सायं 3 बजे से 7 बजे तक प्रतिदिन होगी। कथा व्यास के रूप में अंतरराष्ट्रीय कथा वाचक श्री सुधीरानंद जी महाराज अपने मुखारबिंदु से श्री राम नाम की अमृतवर्षा करेगे। अधिक से अधिक संख्या में लोगों को इस अयोजन में शामिल होने के लिए ट्रस्ट पदाधिकारियों द्वारा तैयारियां की गई हैं।