स्थानीय पार्षद ने फीता काटकर किया शुभारंभ, संचालिका अनुपम भट्ट ने स्वस्थ जीवनशैली के लिए योग को बताया महत्वपूर्ण
लखनऊ। विकासनगर क्षेत्र में स्वास्थ्य, योग और आध्यात्मिक चेतना को समर्पित योगमंत्रा योग केंद्र का भव्य उद्घाटन किया गया। स्थानीय पार्षद ने फीता काटकर केंद्र का शुभारंभ किया। उद्घाटन समारोह के अवसर पर भव्य सुंदरकांड पाठ का आयोजन भी किया गया, जिसमें श्रद्धालुओं ने भक्तिभाव के साथ सहभागिता की।
कार्यक्रम के दौरान पूरा परिसर धार्मिक एवं आध्यात्मिक वातावरण से सराबोर नजर आया। सुंदरकांड पाठ के बाद उपस्थित लोगों ने योग और स्वस्थ जीवनशैली को लेकर भी अपने विचार साझा किए।
योगमंत्रा योग केंद्र की संचालिका अनुपम भट्ट ने कहा कि केंद्र का उद्देश्य लोगों को योग से जोड़कर स्वस्थ और संतुलित जीवनशैली के लिए प्रेरित करना है। उन्होंने कहा कि नियमित योगाभ्यास शारीरिक स्वास्थ्य के साथ मानसिक शांति और सकारात्मक सोच के लिए भी उपयोगी है।
उद्घाटन समारोह में स्थानीय लोगों और गणमान्य नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम में योग एवं आध्यात्मिक गतिविधियों के माध्यम से समाज में स्वस्थ जीवनशैली और सकारात्मक वातावरण को बढ़ावा देने का संदेश दिया गया




