सत्यबन्धु भारत। सन्दीप शुक्ला
बिलग्राम,हरदोई। बिलग्राम तहसील क्षेत्र के अंर्तगत कटरी इलाके में गर्रा नदी में आई बाढ़ में प्राइमरी स्कूल के छात्र की डूबकर मौत हो गई। बुधवार की सुबह उसका शव पानी में उतराता हुआ मिला। शव देख परिजनों में कोहराम मच गया। जानकारी के मुताबिक बिलग्राम थानाक्षेत्र के अंर्तगत जफरपुर गांव निवासी सर्वेश का 6 वर्षीय पुत्र पंकज मंगलवार की शाम खेलने निकला था। मां मंजू ने बताया कि वह खेत में उड़द काटने गई थी। घर पर आई तो पंकज नहीं मिला। पूरी रात मां ने परिजनों के साथ उसे ढूंढा लेकिन पता नहीं चला बुधवार की सुबह लगभग आठ बजे उसका शव बाढ़ के
पानी में उतराता हुआ मिला। परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मौका मुआयना किया। एसआई राजेंद्र सिंह ने बताया कि मृतक बच्चे का पिता सर्वेश दो महीना पहले गुजरात मजदूरी करने गया है।
बताया गया कि सड़क बनाने के लिए मिट्टी खोदी गई थी। उसी की वजह से वहां बड़ा गड्ढा हो गया था, जिसमें बाढ़ का पानी भर गया है। उसी में गिरकर पंकज डूब गया। घटनास्थल पर पहुंचे एसडीएम दीपक वर्मा ने बताया कि मौके पर हल्का के लेखपाल वीरेश को भेजा गया है। पीड़ित परिवार की हर संभव मदद दी जाएगी।
