लेटेस्ट खेल समाचार कोरोना देश राज्य क्राइम बिजनेस दुनिया नॉलेज ऑटो दुर्घटना ट्रेंडिंग लाइफ स्टाइल धर्म करियर टेक मनोरंजन

राष्ट्रीय हथकरघा दिवस पर समरसता सेवा संस्थान द्वारा भव्य सम्मान समारोह आयोजित




माननीय राज्यपाल श्रीमती आनंदीबेन पटेल की गरिमामयी उपस्थिति में घुमंतू जनजाति महिलाओं का सम्मान एवं सिलाई मशीनों का वितरण


लखनऊ, 7 अगस्त 2026।

राष्ट्रीय हथकरघा दिवस के अवसर पर समरसता सेवा संस्थान द्वारा शुक्रवार को भागीदारी भवन, गोमती नगर, लखनऊ में एक गरिमामय सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ उत्तर प्रदेश की माननीय राज्यपाल श्रीमती आनंदीबेन पटेल की गरिमामयी उपस्थिति में दीप प्रज्ज्वलन एवं वंदे मातरम् के साथ हुआ।


कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों के स्वागत एवं पुष्पवर्षा से की गई। इसके उपरांत समरसता सेवा संस्थान की गतिविधियों पर आधारित डॉक्यूमेंट्री का प्रदर्शन किया गया। संस्थान के संस्थापक श्री सुनील शर्मा ने स्वागत उद्बोधन देते हुए संस्थान की सामाजिक एवं जनकल्याणकारी गतिविधियों पर प्रकाश डाला।


समारोह में घुमंतू जनजाति की महिलाओं का सम्मान करते हुए उन्हें प्रशस्ति-पत्र प्रदान किए गए। इस अवसर पर संस्थान द्वारा 10 सिलाई मशीनों का वितरण भी किया गया, जिससे महिलाओं को स्वरोजगार एवं आत्मनिर्भरता की दिशा में प्रोत्साहन मिल सके।


 श्रीमती रीना सिंह ने महिलाओं के उत्थान एवं सामाजिक सहभागिता पर अपने विचार व्यक्त किए। समारोह की अध्यक्षता कर रहे श्री असीम अरुण ने सामाजिक समावेशन, कौशल विकास एवं आत्मनिर्भर भारत की दिशा में ऐसे प्रयासों को प्रेरणादायी बताया।


मुख्य अतिथि माननीय राज्यपाल श्रीमती आनंदीबेन पटेल ने अपने उद्बोधन में समाज के वंचित एवं घुमंतू वर्गों के उत्थान के लिए समरसता सेवा संस्थान की पहल की प्रशंसा करते हुए कहा कि महिलाओं का सम्मान, कौशल विकास तथा आत्मनिर्भरता विकसित भारत की मजबूत आधारशिला है। उन्होंने समाज के सभी वर्गों से सेवा एवं समरसता की भावना को आगे बढ़ाने का आह्वान किया।


राज्यपाल महोदया के उद्बोधन के उपरांत राष्ट्रगान प्रस्तुत किया गया। तत्पश्चात घुमंतू जनजाति के सांस्कृतिक गीत एवं अन्य सांस्कृतिक कार्यक्रमों की मनमोहक प्रस्तुतियां हुईं। कार्यक्रम का समापन समरसता सेवा संस्थान के प्रदेश अध्यक्ष श्री अमित राज यादव द्वारा धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ।


कार्यक्रम का कुशल एवं प्रभावशाली मंच संचालन श्री संतोष कुमार पाण्डेय, संपादक, सत्यबन्धु भारत ने किया।