लखनऊ। लखनऊ जिले के माल ब्लाक की ग्राम पंचायत अटारी की प्रधान संयोगिता सिंह चौहान भी 15 अगस्त को दिल्ली के लाल किले पर आयोजित होने वाले स्वतंत्रता दिवस समारोह में विशिष्ट अतिथि होंगी। संयोगिता सिंह चौहान अपने कार्य की बदौलत भारत के विभिन्न क्षेत्रों में सम्मान प्राप्त कर चुकीं हैं। महिलाओ के लिए मिसाल बन चुकी यह महिला प्रधान अपनी ग्राम पंचायत का नाम भारत स्तर पर रोशन कर रही हैं। आपको बता दें कि संयोगिता सिंह ने मुंबई से बीबीए और एमबीए की पढ़ाई की है। प्रधान चुनी जाने के बाद उन्होंने अपनी पंचायत को हर क्षेत्र में अग्रणी बनाने का काम किया है। इस कार्यक्रम में इनके साथ ही इनके पति यशवीर सिंह चौहान जो कि बिजनेसमैन हैं, उन्हें भी आमंत्रित किया गया है, लेकिन वह इस कार्यक्रम में भाग नहीं ले पाएंगे। संयोगिता सिंह ना सिर्फ पढ़ी लिखी हैं बल्कि प्रधानी से जुड़ी सभी जिम्मेदारियां खुद निभाती हैं। प्रधान पति का ठप्पा अपने पर नहीं लगने दिया है। कोविड के समय अटारी गांव जिले का पहला ऐसा गांव था, जहां 100 फीसदी लोगों को वैक्सीन लगा। इनके प्रयासों से गांव में वेलनेस सेंटर, मिनी सचिवालय, आंगनबाड़ी भवन, एएनएम सेंटर, हर घर नल से जल के लिए पानी की टंकी बनवाने का काम किया है। गांव में घरों से कूड़ा लेने के लिए कूड़ा गाड़ी भी गांव में है। कच्ची शराब का काम करने वाली गांव की महिलाओं को इस धंधे से निकालकर आजीविका मिशन और मनरेगा से रोजगार से जोड़ने का काम किया है।

