लखनऊ.नगर निगम लखनऊ लालबाग स्थित मुख्यालय के समक्ष झण्डीवाला पार्क स्थित भूमिगत पार्किंग के मुख्य द्वार पर उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री स्व. कल्याण सिंह जी की अष्टधातु से निर्मित 1200 किग्रा की 12 फुट ऊँची भव्य प्रतिमा की स्थापना एवं अनावरण की गयी है।
उक्त अष्टधातु की प्रतिमा का अनावरण दिनांक 28.08.2022 को पूर्वान्ह में रक्षा मंत्री, भारत सरकार एवं सांसद लखनऊ राजनाथ सिंह द्वारा किया गया।
मूर्ति के अनावरण के पश्चात नगर निगम के त्रिलोकनाथ हाल में आयोजित एक कार्यक्रम रक्षामंत्री का स्वागत नगर निगम लखनऊ की मा. महापौर श्रीमती संयुक्ता भाटिया, पार्षदगण तथा कर्मचारी संगठन के प्रतिनिधि शशि कुमार मिश्रा, श्री राम अचल एवं श्री नरेश बाल्मीकि द्वारा किया गया।
कार्यक्रम में अपने विचार व्यक्त करते हुए मा. रक्षा मंत्री जी द्वारा स्व. कल्याण सिंह के साथ व्यतीत किए गए समय को स्मरण करते हुए बताया गया कि स्व. कल्याण सिंह द्वारा सुशासन के साथ सरकार का संचालन करते हुए शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार एवं अन्य उच्चकोटि के कार्य किए गए थे जिसके कारण उनको आदर्श रूप में मान्यता दी जाती है।
महापौर श्रीमती संयुक्ता भाटिया जी, नगर निगम की मुखिया द्वारा कार्यक्रम की अध्यक्षता के साथ अपने स्वागत उद्बोधन में कहा गया कि स्थानीय निकाय राजनीति की नर्सरी होती है। ऐसे में भावी नेतृत्व में सुशासन के आदर्श की प्रेरणा प्रदान करने के लिए नगर निगम लखनऊ के सामने के स्थल पर मा. पूर्व मुख्यमंत्री स्व. कल्याण सिंह जी की प्रतिमा स्थापित किए जाने का निर्णय लिया गया।
इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि के रूप में उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, राज्यमंत्री संदीप सिंह, विधायक डॉ. नीरज बोरा, विधायक आशुतोष टण्डन ‘गोपाल’, विधायक योगेश शुक्ला, विधायक श्रीमती जय देवी, सदस्य विधान परिषद महेन्द्र सिंह, मुकेश शर्मा, ई. अवनीश कुमार सिंह, पार्षदगण साथ-साथ अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
नगर आयुक्त इन्द्रजीत सिंह द्वारा मुख्य अतिथि रक्षामंत्री राजनाथ सिंह एवं प्रतिमा स्थापित किए जाने एवं अनावरण कार्यक्रम में सम्मिलित सभी पार्षदगण, सम्मानित मीडिया बंधुओं एवं अधिकारियों, कर्मचारियों को धन्यवाद ज्ञापित किया गया।


