घोसी। तहसील के मझवारा क्षेत्र के ग्रामसभा कसारा स्थित गांधी पार्क में गुरुवार को एक जनचौपाल का आयोजन किया गया। जनचौपाल में राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार खाद्य सुरक्षा एवं आयुष दयाशंकर मिश्र दयालु व राज्य कारागार मंत्री सुरेश राही ने समस्याएं सुनीं। ग्रामसभा में सरकार द्वारा चलाई जा रही जनकल्याणकारी योजनाओं की धीमी प्रगति पर राज्यमंत्री ने अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाते हुए व्यवस्थाओं को जल्द ठीक करने की चेतावनी दी।
राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार दयाशंकर मिश्र दयालु ने कहा कि उत्तर प्रदेश व केन्द्र की भारतीय जनता पार्टी की सरकार देश को सशक्त बनाने के लिये कार्य कर रही है। प्रदेश सरकार द्वारा चलाई जा रही योजनाओं का लाभ सीधे गरीबों तक पहुंच रहा है। राज्यमंत्री श्री मिश्र ने जनसभा स्थल पर लगाई गई विभिन्न प्रकार की प्रदर्शनी का भी अवलोकन किया व ग्रामसभा में पुष्टाहार वितरण की व्यवस्था की समीक्षा की। राज्यमंत्री ने सरकार द्वारा चलाई जा रही 370 योजनाओं के बारे में बात की व आयुष्मान योजना, स्टेडियम कायाकल्प व अन्य योजनाओं के क्रियान्वयन पर चर्चा की। इस दौरान धीमी प्रगति पर खण्ड विकास अधिकारी को फटकार भी लगाई। प्रधानमंत्री, किसान सम्मान निधि, अटल पेंशन योजना, बिजली सम्बन्धित समस्या व गांव में स्वास्थ्य केंद्र पर चिकित्सक के न आने की शिकायत पर राज्यमंत्री विफर पड़े। उन्होंने सम्बन्धित अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाते हुए व्यवस्थाओं को तत्काल सही करने के निर्देश दिए। राज्यमंत्री ने गरीबों के आशियाने से सम्बन्धित प्रधानमंत्री आवास व मुख्यमंत्री आवास योजना की समीक्षा की व आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। वहीं, राज्य कारागार मंत्री सुरेश राही ने भी जनोपयोगी योजनाओं की लोगों को जानकारी दी। इस दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष मनोज राय, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रवीण गुप्ता, अखिलेश राजभर, दिनबंधु राय, अशोक सिंह, सूरज राय, मुख्य विकास अधिकारी राम सिंह वर्मा, बीएसए संतोष सिंह सहित पुलिस व प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।

