बाराबंकी : पूरा भारतवर्ष स्वतंत्रता के 75 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर आजादी का अमृत महोत्सव मना रहा है। ग्रासरूट फाउंडेशन द्वारा इस अवसर पर झण्डारोहण व अन्य कार्यक्रमों का आयोजन मौन पालन एवं मधु प्रसंस्करण क्लस्टर के कॉमन फैसिलिटी सेंटर, ग्राम भानमऊ, जिला बाराबंकी में किया गया। यह क्लस्टर सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा संचालित स्फूर्ति योजना के अंतर्गत ग्रासरूट फाउंडेशन द्वारा संचालित किया जा रहा है। कार्यक्रम में क्लस्टर के मौन पालको एवं ग्रासरूट फाउंडेशन से विभिन्न माध्यमों से जुड़े लगभग 125 लोगों ने भाग लिया और आज़ादी का जश्न पूरे उत्साह, उमंग से मनाया।
उपस्थित सभी व्यक्तियों को हर घर तिरंगा अभियान के तहत स्वयं सहायता समूह की महिलाओं द्वारा तैयार एवं जिला उद्योग केंद्र, बाराबंकी द्वारा उपलब्ध कराए गए तिरंगे वितरित किए गए।
कार्यक्रम का शुभारंभ झंडारोहण के साथ हुआ। सभी ने देश को आज़ादी दिलाने वाले बलिदानियों और स्वतन्त्रता सेनानियों को याद करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की। सुश्री अपर्णा मिश्रा सीईओ ग्रासरूट फाउंडेशन ने उपस्थित सभी लोगों से आग्रह किया कि आजादी हमें निर्भीकता से अपनी बात कहना और खुलकर जीना सिखाती है, परंतु अपने अधिकारों का गलत प्रयोग नहीं करना चाहिए। अतः अपनी आजादी को सही तरीके से जिएं और देश हित में अपना योगदान दें। समूह की महिलाओं ने देशभक्ति गीत प्रस्तुत किए जिन्हें सुनकर सभी उपस्थित लोग जोश में आ गए और पूरा वातावरण भारत माता की जयकार से गूंज उठा। तिरंगा यात्रा के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।



