बाराबंकी : सद्भावना समिति, बाराबंकी द्वारा पर्यावरण दिवस के अवसर पर पोस्टर प्रतियोगिता एवं वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन समिति द्वारा संचालित प्रशिक्षण केंद्र प्रांगण में किया गया। यह कार्यक्रम समिति द्वारा संचालित दोनों प्रशिक्षण केंद्र - ग्राम भानमऊ एवं ग्राम कोठी में सम्पन्न हुआ। जिसमें लगभग 40 प्रशिक्षणार्थी व ग्रामीण उपस्थित थे।
समिति की अध्यक्षा सुश्री अपर्णा मिश्रा ने कहा कि पेड़ अवश्य लगाएँ, और जो लगे हैं, उनका संरक्षण करें। पर्यावरण का संरक्षण व संवर्धन हम सभी की प्राथमिकता होनी चाहिए। इनसे हमें शुद्ध हवा, वर्षा, फल, सब्जी, औषधि व अनेक खाद्य पदार्थ मिलते है।
प्रशिक्षण केंद्र पर पोस्टर व स्लोगन लेखन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रशिक्षुओं ने इसमें बढ़-चढ़ कर भाग लिया और बहुत ही सुंदर, अभिनव पोस्टर बनाए।
कार्यक्रम के अंत में प्रशिक्षिका श्रीमति परवीन बानो व श्रीमति नीतू देवी ने उपस्थित सभी लोगों को शपथ दिलाई कि प्रत्येक व्यक्ति अपने संपर्क के लोगों को अधिक से अधिक पेड़ पौधे लगाने व पर्यावरण संरक्षण के लिए जागरूक करेगा एवं यथासंभव वृक्ष और घर के आस-पास के खाली स्थान में फूलों के पौधे लगाएगा। कार्यक्रम का समापन सहजन, अनार, गुलाब, चम्पा, कदंब, मालती आदि के पौधे लगा कर किया गया।



