ग्रासरूट फाउंडेशन द्वारा ग्राम भानमऊ, बाराबंकी में स्फूर्ति योजनान्तर्गत संचालित मौन पालन एवं मधु प्रसंस्करण क्लस्टर के कॉमन फैसिलिटी सेंटर के निर्माणाधीन भवन में मौन पालकों, महिलाओं/ बालिकाओं हेतु अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर एक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। उक्त अवसर पर उपस्थित सुश्री अपर्णा मिश्रा ने बताया कि योग व्यायाम का ऐसा प्रकार है जिसके माध्यम से ना केवल शरीर के अंगों बल्कि मन और मस्तिष्क में संतुलन बनाया जाता है। इसी कारण योग से शारीरिक व्याधियों के अलावा मानसिक समस्याओं से भी छुटकारा पाया जा सकता है। भारतवर्ष में योग प्राचीन समय से ही प्रचलित है परंतु इस को अंतरराष्ट्रीय पहचान 2014 से मिली है। इसका कारण है मन, मस्तिष्क व शरीर पर पड़ने वाला इसका सकारात्मक प्रभाव। आजकल की अस्त व्यस्त दिनचर्या, अस्वस्थ खानपान व जीवन शैली से हटकर योग संयम व अनुशासन से जीने की कला सिखाता है। उपस्थित प्रतिभागियों ने पोस्टर प्रतियोगिता में भाग लिया।
सी डी ई सुश्री सिमरनजीत कौर ने प्रतिभागियों के साथ योगाभ्यास किया। क्लस्टर से जुड़े कुछ लाभार्थी मौन वंश के माइग्रेशन के कारण दूसरे जिलों में हैं एवं वे लाभार्थी जो कार्यक्रम में उपस्थित नहीं हो सके, उन्होंने अपने अपने स्थान पर ही योग किया व इस वृहद कार्यक्रम के प्रति अपनी सकारात्मकता दिखाई।
कार्यक्रम के अंत में सभी ने शपथ ली कि वे आजीवन इसका पालन करेंगे। कार्यक्रम में सुश्री प्रवीण बानो, नीतू, सर्वेश वर्मा, रमा देवी, आकांक्षा, कीर्ति आदि उपस्थित थे।


