अतिक्रमण के साथ ही भूमाफियाओं पर हो कार्यवाही,व्यापारी बोले भेदभाव कर रही नगरपालिका
सत्यबन्धु भारत
शाहाबाद,हरदोई। कस्बे के व्यापारियों एवं आम जनमानस के विरुद्ध नगर पालिका परिषद द्वारा दुर्भावना से चलाए जा रहे अतिक्रमण विरोधी अभियान के विरोध में बसंत गुप्ता एडवोकेट के नेतृत्व में सैकड़ों लोगों ने एसडीएम को ज्ञापन सौंपकर नगर पालिका परिषद द्वारा की जा रही अनाधिकृत कार्रवाई को रोकने की मांग की। ज्ञापन में कहा गया है कि नगर पालिका परिषद द्वारा दुर्भावना पूर्ण तरीके से कार्रवाई की जा रही है। जनता ने अपनी सुविधा के लिए नाली और नाला के बाहर टीन शेड डाल रखी है। जिसका अतिक्रमण से कोई सरोकार नहीं है लेकिन नगर पालिका द्वारा कस्बे के व्यापारियों को नोटिस देकर निर्देशित किया गया है कि नाला व नाली के भीतर लगे टीन शेड हटा लें नही तो मौके पर जाकर हटा दिया जाएगा। जिससे नगर की जनता और व्यापारियों में भारी आक्रोश है। व्यापारियों के उत्पीड़न से निजात दिलाने एवं नगरपालिका को निर्देशित कर नाला व नाले के पीछे पड़ी टीन शेड पर कोई कार्यवाही न की जाए।इस मौके पर भाजपा नेता राजेन्द्र प्रसाद मिश्र के अलावा मनोज कुमार सैनी अनूप गुप्ता रामअवतार अंकित कुमार, सुनील कुमार, शहनाज शिवम गुप्ता रामजी गुप्ता सत्यपाल अवधेश सिंह अर्जुन कुमार सैनी सहित सैकड़ों लोगों ने एसडीएम से नगर पालिका द्वारा किए जा रहे उत्पीड़न को रोके जाने की मांग की है। वहीं एसडीएम ने सभी को आश्वासन देते हुये बताया कि बुलडोजर बिना भेदभाव के चल रहा है। जिन लोगों ने तालाबो,नालों और अवैध जमीन पर निर्माण कराया है उनपर भी कार्यवाही होगी। किसी गरीब ठेले,कुलचे,पटरी पर दुकान लगाने वालों पर ऐसी कोई कार्यवाही नही की जाएगी जिसमें किसी का अहित हो।

