लेटेस्ट खेल समाचार कोरोना देश राज्य क्राइम बिजनेस दुनिया नॉलेज ऑटो दुर्घटना ट्रेंडिंग लाइफ स्टाइल धर्म करियर टेक मनोरंजन

सुप्रसिद्ध रचनाकार पद्मश्री स्वर्गीय डा. योगेश प्रवीण जी की रचनाओं के द्वारा श्रद्धापूरित संगीत श्रद्धांजलि



अंतरराष्ट्रीय मातृ दिवस के अवसर पर जानी मानी संस्था सुर ताल संगम ने सुप्रसिद्ध रचनाकार पद्मश्री स्वर्गीय डा. योगेश प्रवीण जी की रचनाओं के द्वारा श्रद्धापूरित संगीत श्रद्धांजलि देने के उद्देश्य से संगीत नाटक अकादमी परिसर में सात दिवसीय कार्यशाला का  आयोजन किया, जिसमे नवोदित एवं प्रतिष्ठित कलाकारों ने बढ़ चढ़ कर भाग लिया एवं मातृभक्ति पर आधारित नव गीतों का प्रशिक्षण प्राप्त किया। संस्कृति विभाग एवं संगीत नाटक अकादमी, उत्तर प्रदेश के सहयोग से संपन्न हुई कार्यशाला की मंच प्रस्तुति दिनांक 6 मई, दिन शुक्रवार को वाल्मिकी प्रेक्षागृह, गोमती नगर में संपन्न की गई। बतौर मुख्य अतिथि महापौर लखनऊ माननीय श्रीमती संयुक्त भाटिया जी ने अपनी गरिमामई उपस्थिति से कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई। विशिष्ट अतिथियों में संस्कृति विभाग से श्री कमलेश कुमार पाठक, दूरदर्शन निर्देशक श्रीमति रमा अरुण त्रिवेदी एवं आकाशवाणी निदेशक श्रीमति मीनू खरे उपस्थित रहीं। कार्यक्रम का शुभारंभ विधिवत दीप प्रज्वलन तथा मंत्रोच्चार करके मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथियों सहित संस्था के सभी पदाधिकारियों ने किया। इसके बाद मां सरस्वती वंदना की प्रस्तुति संस्था की प्रमुख पदाधिकारियों के द्वारा दी गई।  फिर एक के बाद एक बेहतरीन प्रस्तुतियों का अनवरत सिलसिला  जारी रहा। कार्यक्रम के अंत में सभी कलाकारों एवं सहयोगियों को प्रशस्ति पत्र, अंगवस्त्र एवं स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। उन्नति श्री,स्वरा त्रिपाठी, अक्षिता एवं जया सिंह ने नृत्य की खूबसूरत प्रस्तुति देकर माहौल को चार चांद लगा दिए। सभी दर्शकों ने सुर ताल संगम संस्था के प्रयासों की भूरि भूरि प्रशंसा करते हुए शुभकामनाएं दीं।