सत्यबन्धु भारत
हरदोई। जिला पूर्ति अधिकारी द्वारा प्रिंट व इलेक्ट्रॉनिक मीडिया की क्षवि धूमिल करने के मामले को हरदोई प्रेस क्लब ने गंभीरता से लिया है। प्रेस क्लब के अध्यक्ष हरिश्याम बाजपेयी ने प्रेस कौंसिल ऑफ़ इंडिया को भेजे गए पत्र में जिला पूर्ति अधिकारी द्वारा मीडिया से लिखित माफी मांगने की बात कही है। माफी न मांगने की स्थिति में उनके निलंबन की मांग करते हुए धरना प्रदर्शन की चेतावनी दी है। पत्र की प्रति जिलाधिकारी को भी भेजी गई है।
दरअसल राशन कार्ड के निरस्तीकरण के संबंध में हरदोई के जिला पूर्ति अधिकारी संजय कुमार पांडेय ने विगत 24 मई 2022 को सूचना विभाग के माध्यम से प्रेस नोट जारी किया, जिसमें उन्होंने कहा कि राशन कार्ड के निरस्तीकरण से संबंधित ख़बरें प्रिंट व इलेक्ट्रॉनिक मीडिया द्वारा तथ्यहीन प्रकाशित की गई हैं। उनके इस कथन पर हरदोई प्रेस क्लब ने कड़ा विरोध जताया है। प्रेस क्लब के अध्यक्ष ने कहा कि विभिन्न समाचार पत्रों के अवलोकन से स्पष्ट है कि पूर्व की ख़बरें डीएसओ के बयान के आधार पर ही प्रकाशित की गई हैं। ऐसे में मीडिया की खबरों को तथ्यहीन कहना प्रेस की गरिमा पर आघात है।
प्रेस क्लब के अध्यक्ष ने कहा कि पत्रकारों द्वारा शासन-प्रशासन की सूचनाओं को जनता तक पहुचाने में अहम भूमिका निभाई जाती है। प्रेस के प्रति जनता में व्याप्त विश्वसनीयता प्रभावित करने वाले जिला पूर्ति अधिकारी लिखित रूप से माफी मांगें, अन्यथा जिले भर के पत्रकार उनके निलंबन की मांग के लिए अग्रिम कार्यवाही के लिए बाध्य होंगे।

