सत्यबन्धु भारत
शाहाबाद,हरदोई। सरकारी जमीनों,तालाबों और मंदिरों तथा कुंओं की जमीनों को अवैध कब्जों को मुक्त कराने के लिए सरकार जितना गंभीर है शायद उनके अधिकारी उतनी गंभीरता से अवैध कब्जों पर कार्यवाही नही करते हैं। या फिर शासन द्वारा चलाये जा रहे अतिक्रमण मुक्त अभियान को गति नहीं दे पा रहे हैं। तहसील क्षेत्र के तमाम गांवों में भी भूमाफिया तालाबों,मंदिरों,सरकारी जमीनों पर अवैध कब्जा किये हुए हैं। ग्राम परेली मे विशेश्वर दयाल पुत्र छेदालाल पर सड़क किनारे एक मंदिर की जमीन गाटा संख्या 903 पर अवैध रूप से दुकानें बनवाने का आरोप लगाया गया है। शिकायत पर अतिक्रमण हटाने गई प्रशासन की टीम को वहां से बिना कब्जा हटाये बैरंग लौटना पड़ा। तहसील प्रशासन द्वारा दुकाने तोड़े जाने को लेकर अवैध कब्जेदारों से नोकझोक होने के बाद मशीन सहित अन्य कर्मी वहां से चले आए। इसी तरह क्षेत्र के ग्राम नवीपुर में दर्ज तालाबों में गांव के ही दबंगों द्वारा अनाधिकृत रूप से कब्जा कर मकान व शौचालय बनवा लिये गए हैं। गांव वालों की शिकायत पर लेखपाल द्वारा मौके पर जाकर अवैध कब्जेदारों से कब्जा छोड़ने के निर्देश भी दिये गए थे परंतु अभी तक किसी ने कब्जा नही छोड़ा। जिससे तहसील प्रशासन की ढिलाई प्रतीत हो रही है एवं भू-माफियाओं पर कार्यवाही सिर्फ हवाहवाई प्रतीत हो रही है।

