लखनऊ, 15 अप्रैल 2022, गंगा और उसकी सहायक नदियों में अविरलता, निर्मलता के लिए समर्पित संगठन ‘गंगा समग्र’ का राष्ट्रीय कार्यकर्ता संगम शुरू होने जा रहा है। शुक्रवार को चिनहट के देवा रोड स्थित कुंवर्स ग्लोबल स्कूल में कार्यकर्ताओं का आना शुरू हो गया। शाम तक लगभग 500 लोग आ चुके थे। संगम का पहला सत्र शनिवार की सुबह शुरू होगा। समापन के समय मुख्य अतिथि प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ होंगे। मुख्यमंत्री यहां हैलीकॉप्टर से उतरेंगे जिसके लिए हैलीपैड तैयार किया जा रहा है।
राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ (आरएसएस) लोकसभा चुनाव से पहले गंगा अभियान के माध्यम से पांच राज्यों में भावनात्मक जनसंपर्क अभियान शुरू कर रहा है। इसी क्रम में ड्रीम प्रोजेक्ट ‘गंगा समग्र’ का पहला अधिवेशन लखनऊ में हो रहा है। इस कार्यक्रम में अपने सूबे के अलावा उत्तराखंड, बिहार, झारखण्ड, पश्चिमी बंगाल, गुजरात प्रदेश के कार्यकर्ता शामिल होने आए हैं। कार्यकर्ता संगम में गंगा समेत अन्य नदियों और जल निकायों की दशा और इन्हे इन संकटों से कैसे निकालने पर मंथन होगा। राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ ने गंगा नदी को निर्मल करने के लिए अभियान की शुरूआत की है। इस दौरान गंगा में बहने वाले प्लास्टिक को रोकने के लिए व्यापक रूप से जागरूकता और श्रमदान के कार्यक्रम होंगे। गंगा नदी से जुड़े पांच प्रदेशों के 600 प्रमुख कार्यकर्ताओं को राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सह सर कार्यवाह डा. कृष्ण गोपाल तीन दिन प्रशिक्षित करेंगे।
गंगा समग्र के अखिल भारतीय संगठन मंत्री रामाशीष, महामंत्री आशीष गौतम पूरे कार्यक्रम तैयारी में महीने भर से ढेरा डाले हुये है। प्रख्यात कथा वाचक प्रेम भूषण जी महाराज ने देश भर से आये कार्यकर्ताओं को गंगा की पवित्रता और व्यक्ति के जीवन में जल की महत्ता पर मार्मिक प्रवचन किया। यह जानकारी कार्यक्रम के सहसंयोजक मोहित मिश्र ने दी।


