लेटेस्ट खेल समाचार कोरोना देश राज्य क्राइम बिजनेस दुनिया नॉलेज ऑटो दुर्घटना ट्रेंडिंग लाइफ स्टाइल धर्म करियर टेक मनोरंजन

पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए 182.86 करोड़ लागत की परियोजनाओं का होगा शिलान्यास: जयवीर सिंह



सत्यबन्धु भारत 

उत्तर प्रदेश में पर्यटन के क्षेत्र को रोजगार एवं राजस्व अर्जन का सुनिश्चित जरिया बनाने के लिए 182.86 करोड़ रुपये की 5 परियोजनाओं का जल्द शिलान्यास किया जाएगा। ये परियोजनाएं वाराणसी, कुशीनगर, मथुरा, आगरा तथा सिद्धार्थनगर में पर्यटकों को आकर्षित करने में अहम भूमिका निभायेगी। यह जानकारी प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने शुक्रवार को लखनऊ में दी। उन्होंने बताया कि इन परियोजनाओं के अंतर्गत जनपद वाराणसी में सारनाथ का समेकित पर्यटन विकास 72.63 करोड़ रुपये की लागत से कराया जायेगा। इस कार्य को पूरा करने के लिए वाराणसी विकास प्राधिकरण को जिम्मेदारी दी गई है। इसी प्रकार 16.83 करोड़ रुपये की लागत से कुशीनगर में कुशीनगर का समेकित पर्यटन विकास कराया जायेगा।


पीपीपी मॉडल पर गैलरी/संग्रहालय तथा रोप-वे का होगा निर्माण


देश-विदेश के पर्यटकों को उत्तर प्रदेश का गौरवशाली इतिहास एवं समृद्धि विरासत का दर्शन कराने के लिए निजी सहभागिता के आधार पर पूंजी निवेश (पीपीपी मॉडल पर) गैलरी/संग्रहालयों का निर्माण कराया जायेगा। यह जानकारी पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने दी। उन्होंने बताया कि प्रयागराज में कर्जन ब्रिज फाफामऊ पर गंगा-गैलरी संग्रहालय, गोरखपुर गौरव गैलरी का निर्माण तथा मथुरा में यमुना संग्रहालय का निर्माण कराया जायेगा। इसके अतिरिक्त राजधानी लखनऊ में गोमती शौर्य संग्रहालय में नेवी का युद्धपोत आईएनएस गोमती का प्रदर्शन कराया जायेगा। इससे पर्यटकों की संख्या भी बढ़ेगी और रोजगार के अवसर भी बढ़ेगे। पर्यटन मंत्री ने बताया कि इसी तरह लालापुर, चित्रकूट ( महर्षि बाल्मीकि आश्रम) में रोप-वे का निर्माण, महोबा में गोरखगिरी पहाड़ी पर रोप-वे का निर्माण तथा प्रयागराज में प्रतिष्ठानपुरी (उल्टा-किला) झूसी से त्रिवेणी पुष्प (अरैल) तक रोप-वे का संचालन कराया जायेगा।