लखनऊ: महाशिवरात्रि को लेकर राजधानी के शिवालयों में तैयारियां जोरों से चल रही है। मंदिरों की साफ- सफाई अंतिम चरण में है। शहर के प्रतिष्ठित डालीगंज स्थित मनकामेश्वर मठ मंदिर में भगवान भोलेनाथ और माता पार्वती को शनिवार को मेंहदी रचाई गई। वहीं एक मार्च को शिवरात्रि पर पूरे दिन भगवान भोलेनाथ के दर्शन के लिए मंदिरों में भक्तों का तांता लगा रहेगा।मनकामेश्वर मठ मंदिर में महंत देव्या गिरि के सानिध्य में शनिवार को मंदिर परिसर में रंग बिरंगे फूलों से मंडप सजाया गया। इसके बाद भगवान भोलेनाथ और माता पार्वती को मेंहदी रचाई गई। महंत देव्या गिरि ने बताया कि विश्व शांति के लिए मंडप का ऊपरी भाग चौकोर के बजाए गोल रखा गया है। उन्होंने बताया कि 27 फरवरी को मनकामेश्वर घाट से मनकामेश्वर मंदिर तक शिव यात्रा निकाली जाएगी। वहीं 28 फरवरी को दिन में महिला संगीत व रुद्राभिषेक होगा। एक मार्च को भोर चार बजे मंदिर के कपाट खुल जाएंगे।बता दें कि आयोजन में महिला मंडली ने शिव शंकर चले कैलाश बुंदिया पड़ने लगी…, डमरू बाबा तुमको आना होगा़…, मेरा भोला है वरदायी जैसे एक से बढ़कर गीत भोलेनाथ को समर्पित किए।
