बाराबंकी। ग्रासरूट फाउंडेशन द्वारा 26 जनवरी को प्रातः गणतंत्र दिवस का आयोजन ग्राम भानमऊ, जिला बाराबंकी में मौन पालन एवं मधु प्रसंस्करण क्लस्टर के निर्माणाधीन कॉमन फैसिलिटी सेंटर पर किया गया। यह क्लस्टर सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा संचालित स्फूर्ति योजना के अंतर्गत ग्रासरूट फाउंडेशन द्वारा संचालित किया जा रहा है। इस अवसर पर झंडारोहण एवं देशभक्ति गीत एवं अन्य कार्यक्रमों का प्रस्तुतिकरण मौन पालकों द्वारा किया गया। कोविड प्रोटोकॉल का अनुपालन करते हुए मौन पालकों की संख्या सीमित रखी गई। सभी ने मास्क पहन कर व उचित दूरी रखते हुए कार्यक्रम में पूरे उत्साह, उमंग से भाग लिया। फील्ड कोऑर्डिनेटर श्री सर्वेश ने झंडारोहण किया व देश के स्वतन्त्रता सेनानियों और संविधान निर्माताओं को याद करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर उन्होने कहा कि गणतंत्र दिवस हम सभी के अंदर हर्ष, उल्लास, नए जोश और सोच का संचार करता है. साथ ही यह संकल्प लेने के लिए भी प्रेरित करता है कि अपने देश की रक्षा, गौरव और उत्थान के लिए हम सदा समर्पित रहेंगे। हमारा संविधान हमें समानता का अधिकार, धर्म की स्वतंत्रता का अधिकार, अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता का अधिकार, सहित कई अन्य अधिकार देता है। हम देशवासियों खासकर युवा पीढ़ी पर संवैधानिक मूल्यों के अनुरूप देश को निरंतर आगे बढ़ाने की बड़ी जिम्मेदारी है और उम्मीद है सभी इसे बखूबी निभाएंगे।
झंडारोहण के बाद देशभक्ति गीत प्रस्तुत किए गए जिन्हें सुनकर सभी उपस्थित लोग जोश में आ गए और वातावरण भारत माता की जयकार से गूंज उठा।
कार्यक्रम के संचालन में सुश्री रमा वर्मा, शिल्पी, प्रीति, शैलेंद्र, आकाश, विजय आदि ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
