सत्यबन्धु भारत
भारत ने असम में अतिक्रमण विरोधी अभियान से संबंधित एक घटना को लेकर गलत बयान देने के लिए इस्लामी सहयोग संगठन (ओआइसी) को जमकर फटकार लगाई है। भारत ने कहा है कि ओआइसी को उसके आंतरिक मामलों पर बयानबाजी करने का कोई हक नहीं है।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अरिंदम बागची ने कहा कि भारत इस तरह के अवांछित बयानों को खारिज करता है और उम्मीद करता है कि भविष्य में ऐसी बयानबाजी नहीं होगी। उन्होंने कहा कि ओआइसी ने असम की दुर्भाग्यपूर्ण घटना पर तथ्यात्मक रूप से गलत और भ्रामक बयान देकर भारत के आतंरिक मामलों में टिप्पणी की है।
बता दें कि असम के दरांग जिले में पिछले महीने अतिक्रमण विरोधी अभियान में दो लोगों की मौत हो गई थी और पुलिसकर्मियों समेत कई लोग घायल हो गए थे। तीन अक्टूबर को जारी बयान में ओआइसी ने अतिक्रमण विरोधी अभियान को मुस्लिमों के खिलाफ अभियान बताया था।
