सत्यबन्धु भारत
मल्लावां,हरदोई। मल्लांवा थाना क्षेत्र के अंर्तगत एक गांव में तीन दिन पहले बेटी के साथ दवा लेने के लिए घर से निकली महिला का शव मल्लावां कोतवाली क्षेत्र के अंर्तगत ग्राम सरॉय सुल्तान के निकट शारदा नहर में मिला। वही बेटी का भी शव कुछ दूरी पर नहर में तैरता मिला।
मां बेटी की चप्पलें रविवार को बरौना नहर पुल पर मिली थीं। जिससे परिजनों ने नहर में खोजना शुरू कर दिया था।
जानकारी के मुताबिक उन्नाव जिले के बेहटा मुजावर थाना क्षेत्र के ग्राम मंगूखेड़ा निवासी सुषमा देवी (55) अपनी पुत्री क्षमा देवी (15) के साथ बीती 15 अक्टूबर की शाम को मल्लावां कोतवाली क्षेत्र के ग्राम नसीरपुर दवा लेने के लिए घर से निकली थीं। इसके बाद मां बेटी घर वापस नहीं आईं, तो परिजनों ने खोजबीन शुरू की तो रविवार को बरौना गांव में शारदा नहर के पुल पर मां बेटी की चप्पलें पड़ी मिलने से परिजनों में अफरा तफरी मच गई थी। जिसके बाद परिजनों ने 17 अक्टूबर को ही बेहटा मुजाबर में दोनों की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
सोमवार को सुषमा का पुत्र प्रसून अन्य परिजनों के साथ शारदा नहर के किनारे दोनों की खोज़बीन कर रहे थे। सरॉयसुल्तान के सामने नहर में ग्रामीणों ने शव उतराता देखा। जिसके बाद पुलिस को सूचना दी। गंज जलालाबाद चौकी की पुलिस मौके पर पहुंच गई और शव को नहर से बाहर निकलवाया। कुछ दूरी पर बेटी का भी शव तैरता मिला। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
वही कोतवाल सुनील सिंह ने बताया कि प्राथमिक तौर पर खुदकुशी का मामला लग रहा है। मां बेटी की गुमशुदगी की रिपोर्ट उन्नाव जनपद के बेहट मुजाबर थाने में दर्ज थी।
