
सत्यबन्धु भारत
लखनऊ: लखीमपुर खीरी हिंसा मामले में केंद्रीय मंत्री अजय मिश्रा के बेटे आशीष मिश्रा को गिरफ्तार कर लिया गया है. शनिवार को 12 घंटे की पूछताछ के बाद आशीष मिश्रा को गिरफ्तार किया गया है. जानकारी के मुताबिक जांच में सहयोग न करने पर आशीष मिश्रा की गिरफ्तारी की गई.
गौरतलब है कि रविवार को हुई हिंसा में मारे गए आठ लोगों में से चार किसान थे, जिन्हें कथित तौर पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) कार्यकर्ताओं को ले जा रहे एक वाहन ने टक्कर मार दी थी. अन्य मृतकों में भाजपा के दो कार्यकर्ता और उनका चालक शामिल हैं.
लखीमपुर खीरी हिंसा मामले में उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा उठाए गए कदमों से असंतुष्ट उच्चतम न्यायालय ने शुक्रवार को सवाल किया था कि जिन आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है, उन्हें गिरफ्तार क्यों नहीं किया गया है. इसके साथ ही न्यायालय ने निर्देश दिया था कि मामले में साक्ष्य और संबद्ध सामग्री नष्ट नहीं हों.
प्रधान न्यायाधीश एन वी रमना की अध्यक्षता वाली पीठ ने स्पष्ट रूप से कहा था, कानून को सभी आरोपियों के खिलाफ अपना काम करना चाहिए तथा आठ लोगों की निर्मम हत्या की जांच के संबंध में सरकार को सभी उपचारात्मक कदम उठाने होंगे ताकि विश्वास कायम हो सके.
इसी सिलसिले में कांग्रेस नेता नवजोत सिंह सिद्धू ने मंत्री के बेटे के पूछताछ के लिए पेश होने के बाद अपना मौन धरना शनिवार को समाप्त कर दिया.
इस मामले में सिद्धू ने निघासन तहसील में स्थानीय पत्रकार राम कश्यप के घर के बाहर शुक्रवार शाम छह बजकर 15 मिनट से अपना ‘मौन धरना’ शुरू किया था. कश्यप की तीन अक्टूबर की घटना में मौत हो गई थी.
सिद्धू ने बाद में पत्रकारों से कहा कि यह सत्य की जीत है. कोई व्यक्ति राजा हो सकता है, लेकिन न्याय से बड़ा कोई नहीं है. न्याय है तो शासन है, और यदि न्याय नहीं है, कुशासन है. यह किसानों के परिवारों, लवप्रीत सिंह के परिवार और रमन कश्यप के परिवार की जीत है.
