नम आंखों से राजकीय सम्मान के साथ पार्थिव शरीर को दी गई सलामी
सत्यबन्धु भारत
बांगरमऊ ,उन्नाव । सड़क हादसे में दिवंगत सिपाही अमित कुमार यादव का शव पोस्टमार्टम के बाद यहां कोतवाली लाया गया । जहां पुलिसकर्मियों ने नम आंखों से सलामी दी। कोतवाली में तैनात सभी पुलिसकर्मियों ने मिलकर बंद लिफाफे में मृत सिपाही के पिता को सहायता राशि भी सौपी।
कोतवाली क्षेत्र के ग्राम अतरधनी में विद्युत करंट की चपेट में आकर काल के गाल में समाए किसान दंपत्ति के शवों का पोस्टमार्टम कराने जा रहे कोतवाली के सिपाही अमित यादव की रास्ते में सड़क हादसे में मौत हो गई थी।जबकि साथी महिला
सिपाही गंभीर रूप से घायल हो गयी। पोस्टमार्टम के बाद आज दिवंगत सिपाही का शव कोतवाली लाया गया। जहां गमगीन माहौल में नम आंखों से राजकीय सम्मान के साथ पार्थिव शरीर को सलामी दी गई । इस दौरान साथी महिला सिपाही अपने आप को संभाल नही सकी और दहाड़े मार कर रोने लगी । सलामी के बाद दिवंगत का पार्थिव शरीर कोतवाली परिसर से हरदोई उन्नाव मार्ग पर खड़े पुलिस के वाहन तक लाया गया। शव को उपपुलिस अधीक्षक आशुतोष कुमार और कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक श्याम नारायण सिंह सहित सभी पुलिसकर्मियों ने कंधा दिया। वाहन में शव रखने के बाद गमगीन पुलिस कर्मियों ने नम आंखों से अपने साथी को अंतिम विदाई दी । शव के साथ मौजूद चचेरे भाई रवि यादव ने बताया कि अमित और रोहित अपने मां-बाप की दो ही संताने थी ।दोनों भाई साथ-साथ अक्टूबर 2020
मे पुलिस में भर्ती हुए। इनमें बड़े भाई रोहित की तैनाती जनपद सहारनपुर मैं तथा छोटे भाई अमित कुमार जनपद उन्नाव में तैनात हुए बाद में प्रथम तैनाती गत 13 मई को कोतवाली बांगरमऊ में हुई। होनहार युवक अमित कुमार मात्र 6 महीने पुलिस की नौकरी कर सका। बड़े भाई रोहित की तीन साल पूर्व शादी हो चुकी है । जबकि छोटे भाई अमित का विवाह पड़ोसी गाँव की निवासी महिला सिपाही के साथ तय हुआ था । विवाह गत माह अप्रैल में होना था। लेकिन होली के एक सप्ताह पूर्व अचानक अमित की दादी की मृत्यु हो गई। जिसके कारण वैवाहिक कार्यक्रम स्थगित कर दिया गया । अब आगामी अप्रैल में अमित
का विवाह होना था। माता मिथिलेश कुमारी तथा पिता उमेश कुमार छोटे बेटे अमित की शादी काफी धूमधाम से करना चाहते थे। विवाह के लिए वे अभी से तैयारी में जुटे थे । किंतु कुदरत को तो कुछ और ही मंजूर था। शादी की सारी खुशियां एक झटके में मातम में तब्दील हो गई।
