सत्यबन्धु भारत
बांगरमऊ, उन्नाव। कोतवाली क्षेत्र के लखनऊ मार्ग पर स्थित ग्राम अतरधनी में सड़क पार करते समय 60 वर्षीय वृद्धा अनियंत्रित ट्रक की चपेट में आ गई। हादसे में वृद्धा गंभीर रूप से घायल हो गई। स्वजन घायल वृद्धा को आनन फानन यहां के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाए। किंतु चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। दुर्घटना के बाद चालक ट्रक छोड़कर भाग निकला।
ग्राम अतरधनी निवासिनी नूरजहां पत्नी मोहर अली घरेलू सामान खरीदने नगर की बाजार आई थी। बीती शाम वृद्धा टाटा मैजिक से अपने गांव अतरधनी वापस पहुंची और टाटा मैजिक से उतर कर सड़क पार करने लगी। तभी अचानक लखनऊ की ओर जा रहे तेज रफ्तार ट्रक ने वृद्धा के जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि वृद्धा उछल कर दूर जा गिरी और गंभीर रूप से घायल हो गई। टक्कर मारने के बाद चालक ट्रक छोड़कर भाग निकला। सूचना पर पहुंचे स्वजन घायल वृद्धा को यहां के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाए। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने ट्रक को सीज कर शव पोस्टमार्टम हेतु जिला अस्पताल भेज दिया।
