लेटेस्ट खेल समाचार कोरोना देश राज्य क्राइम बिजनेस दुनिया नॉलेज ऑटो दुर्घटना ट्रेंडिंग लाइफ स्टाइल धर्म करियर टेक मनोरंजन

Social Media पर ट्रेंड हुआ Lucknow Rains, वीडियो-फोटो पोस्ट कर लोग बता रहे हालात



सत्यबन्धु भारत।

लखनऊ. लखनऊ में बुधवार से लगातार हो रही बारिश ने राजधानी के हाल खराब कर दिए हैं. हर तरफ भरा पानी, घरों की टूटी दीवारें और गिरे हुए पेड़ हालात को सही से बयां कर रहे हैं. घरों और दुकानों में पानी भर गया है, लोग परेशान हैं. वहीं बारिश से पहले जलभराव न होने की बात को लेकर किए गए नगर निगम के दावों की भी पोल खुलती नजर आ रही है. हालात ये हैं कि नगर निगम के दफ्तर में ही पानी भर गया है जिसे निकालने की मशक्कत की जा रही है.

वहीं अब लखनऊ में हुई भारी बारिश सोशल मीडिया पर ट्रेंड कर रही है. बड़ी संख्या में लखनऊ निवासी सोशल मीडिया पर फोटो और वीडियो पोस्ट कर के बता रहे हैं कि बारिश के बाद राजधानी के क्या हाल हैं. ऐसे में कुछ वीडियो वायरल हो गए हैं. वहीं कुछ फोटोज को भी काफी लाइक और शेयर किया जा रहा है.

दिखा बुरा हाल
फोटोज और वीडियोज में साफ देखा जा सकता है कि राजधानी में लोगों का कितना बुरा हाल है. कई इलाकों में पानी इतना भर गया है कि लोग उसमें तैरते दिख रहे हैं. वहीं पेड़ाें के गिरने के कारण कई वाहन और बिजली के तार क्षतिग्रस्त हो गए हैं. जिसके चलते कई इलाकों में बिजली नहीं आ रही है. कई दुकानों और घरों में पानी भर जाने के कारण लोग परेशान हैं.

दो मासूमों की मौत
वहीं बारिश के बाद गड्ढे में भरे पानी में डूब जाने के कारण दो मासूमों की भी मौत हो गई. दोनों अपने घर से सुबह निकले थे लेकिन दिन तक नहीं लौटने पर परिजन ने तलाश शुरू की और पुलिस से संपर्क किया गया. बाद में दोनों मासूमों के शव पानी में तैरते हुए मिले.

राजधानी में गुरुवार सुबह 8.30 बजे से लेकर शाम को 5.30 बजे तक 115 मिलीमीटर बारिश लखनऊ में दर्ज की गई है. जानकारी के अनुसार इस साल 28 जुलाई को इस सीजन की सबसे ज्यादा बारिश हुई थी. उस दौरान 24 घंटे में कुल 115 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गयी थी. इससे पहले 2012 में 24 घंटे के दरम्यान कुल 138 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई थी.

लगातार जारी है बारिश
राजधानी में बुधवार से ही भारी बारिश का दौर गुरुवार को भी जारी है. लखनऊ में इस सीजन में हुई सबसे ज्यादा बारिश के रिकॉर्ड की बराबरी तो हो चुकी है. अब नये रिकॉर्ड बनने बाकी हैं. रात में बारिश का सिलसिला यूं ही जारी रहा तो शुक्रवार की सुबह नया रिकॉर्ड बनेगा. ऐसा लग रहा है कि शुक्रवार की सुबह होते-होते 2012 में हुई बारिश का रिकॉर्ड टूट जाएगा. यदि शुक्रवार की सुबह तक मात्र 23 मिलीमीटर बारिश भी हुई तो 9 सालों का रिकॉर्ड टूट जाएगा. इस बात की भी आशंका बढ़ गई है कि कहीं बारिश ऑल टाइम रिकॉर्ड न बना दे