लेटेस्ट खेल समाचार कोरोना देश राज्य क्राइम बिजनेस दुनिया नॉलेज ऑटो दुर्घटना ट्रेंडिंग लाइफ स्टाइल धर्म करियर टेक मनोरंजन

किसान की हत्या कर शव गड्ढे में दफनाया



सत्यबन्धु भारत

बिलग्राम,हरदोई। बिलग्राम कोतवाली क्षेत्र के ग्राम कटरी बिछुईया से लापता किसान का शव गंगा पार कटरी बिछुईया में गड्ढे में दफन मिला। प्राथमिक जांच में शराब पीने के दौरान दो लोगों में विवाद हो गया था। दौरान किसान की पीटकर हत्या कर शव दफन करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने क्षतविक्षत शव को गड्ढे से निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। तीन लोगों के विरुद्ध हत्या की रिपोर्ट दर्ज की गई है। कटरी बिछुईया निवासी रामोद (24) 13 सितंबर की शाम गंगा के दूसरी ओर कटरी महादेवा में खेतों की तरफ गया था। इसके बाद उसका कोई पता नहीं चला। परिजन उसकी तलाश करते रहे। कोई सुराग न मिलने पर शुक्रवार को उसके भाई गुड्डू ने गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। रामोद की तलाश में परिजन शनिवार की सुबह भी कटरी महादेवा गए। 
इसी दौरान कुछ ग्रामीणों ने एक स्थान से बदबू आने की जानकारी पुलिस को दी। पुलिस मौके पर पहुंच गई। गड्ढे की खुदाई कराने पर रामोद का क्षतविक्षत शव बरामद हुआ। मृतक के भाई गुड्डू से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने जांच शुरू की तो पता चला कि 13 सितंबर को ही कटरी महादेवा में शराब पीने के दौरान रामोद का दो लोगों से विवाद हुआ था। इसी दौरान उमेश निवासी दीनापुरवा और राम खिलावन निवासी चिरंजूपुरवा ने किसान को बांधकर पीटा था। इसी दौरान उसकी मौत हो गई। गड्ढा खोदकर रामोद का शव दफन कर दिया गया था।
सीओ बिलग्राम विशाल यादव भी मौके पर पहुंचे। कोतवाल शिव शंकरसिंह ने बताया कि मृतक के भाई गुड्डू की तहरीर पर उमेश निवासी दीनापुरवा, राम खिलावन और शिवचरन के विरुद्ध हत्या की रिपोर्ट दर्ज की गई है।
पुलिस के मुताबिक रामोद को बांधकर राम खिलावन और उमेश ने ही पीटा था। इसी दौरान जब रामोद की मौत हो गई तो कुछ ही दूर पर मौजूद चिंरजूपुरवा निवासी नंगा उर्फ शिवचरन को भी यह लोग मौके पर ले गए। तमंचे के बल पर नंगा उर्फ शिवचरन को धमकाया और शव दफन करने के लिए गड्ढा खुदवाया। शिवचरन की मदद से ही घटना की तह तक पुलिस पहुंच सकी।