लेटेस्ट खेल समाचार कोरोना देश राज्य क्राइम बिजनेस दुनिया नॉलेज ऑटो दुर्घटना ट्रेंडिंग लाइफ स्टाइल धर्म करियर टेक मनोरंजन

अलग-अलग चारपाई पर पड़े मिले पति-पत्नी के शव

मृतक के भाई भजन ने बताया कि दम्पति की दवा भी चल रही थी दोनों श्वास रोग से पीड़ित थे




सत्यबन्धु भारत

अतरौली,हरदोई। अतरौली थाना क्षेत्र के ग्राम सुजेहटा में बुजुर्ग दंपती के शव घर में ही अलग-अलग चारपाई पर पड़े मिलने से सनसनी फैल गई। प्राथमिक जांच के बाद पुलिस ने दोनों शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए। अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी और फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर आवश्यक जांच की और नमूने भी जुटाए।

जानकारी के मुताबिक अतरौली थाना क्षेत्र के सुजेहटा निवासी गुरदयाल (70) खेती करते थे। अपनी पत्नी रामबेटी उर्फ लालती (60) के साथ गांव में ही रहते थे। मंगलवार देर रात घर में बंधी बकरियों व अन्य मवेशियों के चिल्लाने पर पास ही रहने वाला भाई भजन और भतीजा कमलेश अन्य ग्रामीणों के साथ घर के पिछले हिस्से से अंदर चले गए।
अंदर जाकर देखा तो गुरदयाल और रामबेटी का शव अलग अलग चारपाई पर पड़ा हुआ था। मृतक के भाई भजन ने अतरौली पुलिस को घटना की जानकारी दी, घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गईं। घटना का पता चलने पर अपर पुलिस अधीक्षक पश्चिमी अनिल यादव और फॉरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंची।

दोनों के चोट के कोई निशान नहीं मिले हैं लेकिन रामबेटी के दाहिन हाथ और बाएं पैर में फफोलों के निशान मिले हैं। पुलिस को मौके से आलू की सब्जी और रोटियां बरामद हुई हैं। इन्हें जांच के लिए लैब भेजा जाएगा। एसपी अजय कुमार ने बताया कि प्राथमिक तौर पर ऐसा लग रहा है कि खाने में कोई जहरीला कीड़ा गिर गया और इसके बाद दंपती ने खाना खाया।
जहरीला खाना खाने के कारण मौत होने की आशंका है। इसके अलावा मृतक के भाई भजन ने बताया कि दंपती की दवा भी चल रही थी। दोनों श्वास रोग से पीड़ित थे। परिजनों ने किसी तरह का कोई आरोप नहीं लगाया है। वही एसपी ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्यवाई की जाएगी।