एम्बुलेंस में देरी होने पर पुलिसकर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए पीआरवी से घायलों को पहुँचाया अस्पताल

सत्यबन्धु भारत
बेहटागोकुल,हरदोई। बेहटा गोकुल थानाक्षेत्र के अंतर्गत दो बाइकों की आमने-सामने की भिड़ंत में बाइक सवार तीन भाई-बहन गम्भीर रूप से घायल हो गए। हादसे के तत्काल बाद ही डायल 112 भी मौके पहुंच गई। एम्बुलेंस सेवा न मिलने पर पीआरवी के जवानों ने तत्परता दिखाते हुए अपने वाहन से घायलों को सीएचसी शाहाबाद लेकर गए।
जहां प्राथमिक उपचार देने के बाद हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने तीनों घायलों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार पाली थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम नादखेड़ा निवासी शिवम कुमार अपनी दो बहनों के साथ बेहटा गोकुल थानाक्षेत्र के नेमापुर गांव अपनी बुआ के यहां रिश्तेदारी में जा रहा था। तभी ग्राम जसमई खिरौना गांव में वन विभाग नर्सरी के पास सामने से आ रहा तेज रफ्तार आशीष कुशवाह पुत्र नरवीर कुशवाह निवासी ग्राम कसियापुर चंदूपुर खैराई ने बाईक में जोरदार टक्कर मार दी। जिससे शिवम कुमार, काजल, कुमकुम तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा देख आसपास मौजूद ग्रामीण दौड़ कर मौके
पर पहुंच गए और घायलों को उठा कर एक ओर बिठाया। सूचना पर पहुंची डायल 112 ने एम्बुलेंस सेवा में देरी देख अपने वाहन से घायलों को सीएचसी शाहाबाद ले गए। जहां प्राथमिक उपचार देने के बाद चिकित्सकों ने हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
