लेटेस्ट खेल समाचार कोरोना देश राज्य क्राइम बिजनेस दुनिया नॉलेज ऑटो दुर्घटना ट्रेंडिंग लाइफ स्टाइल धर्म करियर टेक मनोरंजन

यमुना एक्सप्रेसवे पर आज आधी रात से बढ़ा व्यावसायिक वाहनों का टोल टैक्स, जानें नई दर



सत्यबन्धु भारत

लखनऊ. यमुना एक्सप्रेस वे (Yamuna Expressway) व्यावसायिक वाहनों के लिए और मंहगा हो गया है. इन वाहनों पर पांच पैसे से लेकर 15 पैसे तक की बढ़ोत्तरी की गई है, यानी दस किलोमीटर तक डेढ़ रुपये का अतिरिक्त बोझ आएगा जो 100 किलोमीटर पर पहुंचकर 15 रुपये अतिरिक्त हो जाएगा. यमुना एक्सप्रेसवे पर अब हल्के मालवाहक वाहन, मिनी बस या कॉमर्शियल गाड़ियों को 3.90 रुपए प्रति किलोमीटर की दर से टोल चुकाना होगा. अब तक इन वाहनों को 3.85 रुपए प्रति किलोमीटर की दर से टोल देना होता था. इसी तरह बस और ट्रक के लिए अब टोल की दरें 7.90 रुपए प्रति किलोमीटर होंगी, जो कि पहले 7.85 रुपए प्रति/किमी थी. प्रति किलोमीटर पांच पैसे से लेकर 15 पैसे तक की बढ़ोतरी की गई है. इसके अलावा भारी वाहन यानी 3 से 6 एक्सेल वाली गाड़ियों को अब यमुना एक्सप्रेसवे से गुजरने के लिए 11.90 रुपए प्रति किलोमीटर की जगह 12.05 रुपए/किमी का टोल देना होगा.

यमुना एक्सप्रेसवे विकास प्राधिकरण द्वारा दी गई जानकारी के मुताबिक ओवर साइज व्हेकिल या 7 धुरी से अधिक वाले वाहनों के टोल रेट में भी इजाफा किया गया है. इसके तहत विशाल आकार वाले वाहनों को अब एक्सप्रेसवे से गुजरने के लिए 15.55 रुपए प्रति किलोमीटर की दर से टोल देना होगा. पहले यह दर 15.40 रुपए प्रति किलोमीटर थी.

इतना पड़ेगा बोझ

यमुना एक्सप्रेसवे विकास प्राधिकरण द्वारा जारी सूचना के अनुसार कामर्शियल वाहनों पर पांच पैसे से लेकर 15 पैसे प्रति किलोमीटर का बोझ डाला गया है. इसके मुताबिक अब हर 10 किलोमीटर पर 1.50 रुपये, 20 पर 3 रुपये अतिरिक्त टैक्स का बोझ आएगा. यह 100 किलोमीटर तक जाकर 15 रुपये तक पहुंच जाएगा.