
सत्यबन्धु भारत
पिहानी,हरदोई। पिहानी थानाक्षेत्र के अंतर्गत ग्राम मवैया में खड़ंजा निर्माण के लिए
मिट्टी की खुदाई कर रहे पांच मजदूर टीला धसने से मलबे में दब गए। सूचना पर पहुंचे सीओ एसआर कुशवाहा व कोतवाल महेश चंद्र ने बचाव कार्य शुरू कराया। देर रात सभी पांच मजदूरों को बाहर निकाल लिया गया। दो की हालत नाजुक होने पर अस्पताल भेजा गया है। जहां एक मजदूर की इलाज के
दौरान मौत हो गई।
जानकारी के मुताबिक पिहानी थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम करीमनगर के मजरा मवैया में खड़ंजा डालने का काम चल रहा था। इसके लिए गुरुवार शाम करीब छह बजे कुछ श्रमिक करीमनगर तालाब के पास स्थित टीले से मिट्टी की खुदाई कर रहे थे। मिट्टी खुदाई के दौरान
टीला धसक गया। काम कर रहे पांच मजदूर टीले की मिट्टी के नीचे दब गए। आसपास मौजूद अन्य श्रमिकों का शोर सुनकर बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और मिट्टी हटानी शुरू कर दी। इसी बीच सूचना पर पहुंचे सीओ एसआर कुशवाहा व कोतवाल महेश चंद्र ने पुलिस फोर्स के
साथ मौके पर पहुंचे और तेज गति से बचाव कार्य शुरू कराया।
लगभग एक घंटे की मशक्कत के बाद मिट्टी हटाकर चार मजदूरों नबी हसन (30), इलियास (32), शिशु पाल (32) व राजेंद्र (30) निवासी कोतवाली क्षेत्र के ग्राम मवैया मजरा करीमनगर को बाहर निकाल लिया। तीन
मजदूरों की हालत सामान्य मिली, जबकि राजेंद्र की स्थिति खराब मिलने पर उसे जिला अस्पताल ले जाया गया। उधर, देर शाम लगभग 7.45 बजे जेसीबी की मदद से मिट्टी हटाकर अंदर फंसे पांचवें मजदूर मवैया निवासी संजीव (22) को भी बाहर निकाल लिया गया। बेसुध हालत में उसे
अस्पताल भेजा गया है। देर शाम इलाज के दौरान संजीव की मौत हो गई। कोतवाल महेश चंद्र ने बताया कि श्रमिकों को बाहर निकाल लिया गया है। अस्पताल में भर्ती दो लोगों में एक मजदूर की मौत हो गई।
