सत्यबन्धु भारत
हरदोई। विकास खण्ड कछौना की ग्राम सभा बघौड़ा में मृतक द्वारा तालाब में मनरेगा के माध्यम से खुदाई किए जाने के मामले को लेकर गांव निवासी रामखेलावन कलेक्ट्रेट परिसर में अनिश्चित कालीन धरने पर बैठे हैं। धरने के रविवार को पांचवे दिन रक्षाबंधन के अवसर पर कलेक्ट्रेट परिसर में धरने पर बैठे भाई को राखी बांधने उसकी बहन पहुंची और भाई की कलाई पर राखी बांधी। रामखेलावन का कहना है कि पूरे मामले में उच्च स्तरीय जांच कराकर दोषियों पर एफआईआर दर्ज की जाए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मामला कछौना की ग्राम पंचायत बघौड़ा से जुड़ा है। बघौड़ा निवासी मैकू की करीब 6 माह पहले मौत हो गई थी। वह मनरेगा के जॉब कार्ड धारक थे। ग्राम बघौडा के महिला प्रधान होने के कारण पति व पुत्र प्रधानी के काम निपटा रहे हैं। बताया गया कि प्रधान भागीरथ प्रसाद व पुत्र राम प्रसाद आदि ने 6 माह पहले मृतक जॉब कार्ड धारक मैकू को सझिया तालाब को खुदाई पर रोजगार दे दिया। मृतक के ईएमआर संख्या 1561 पर 2 से 15 जुलाई के मध्य खुदाई कार्य किया गया और 14 दिन के श्रमांश 2856 रुपए का भुगतान भी कर दिया गया। बताया गया कि मृतक मैकू पुत्र नेवाजी के नाम से कार्य की मांग और फर्जी हाजिरी लगाकर भुगतान निकाला गया। जबकि 16 से 29 जुलाई मृतक मैकू की पुत्रवधू जय देवी पत्नी जयराम के नाम से रोजगार की मांग लगा दी और उनके नाम पर भी कार्य दर्शाया गया। ईएमआर संख्या 1561 पर जय देवी पत्नी जय राम का नाम अंकित नहीं है। अब देखने बाली यह बात होगी कि जिला प्रशासन जिम्मेदारों पर कार्यवाही करता है या नही।
