योजनाओं में प्रगति न मिलने पर बीडीओ को कारण बताओ नोटिस जारी डिले पेमेंट की स्थिति खराब मिलने पर बीडीओ व एपीओ का वेतन रोका

सत्यबन्धु भारत । सीवी आजाद
हरदोई। मुख्य विकास अधिकारी, हरदोई आकांक्षा राना द्वारा पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार विकास खण्ड हरपालपुर का निरीक्षण किया गया तथा योजनाओं की समीक्षा की गयी। योजनाओं में अपेक्षित प्रगति न पाये जाने पर खण्ड विकास अधिकारी, हरपालपुर डा0 संतोष वर्मा को कारण बताओ नोटिस जारी की गयी तथा मनरेगान्तर्गत डिले पेमेन्ट पाये जाने पर खण्ड विकास अधिकारी एवं अतिरिक्त कार्यक्रम अधिकारी अतुल राय का वेतन बाधित किया गया।
सर्वप्रथम मुख्य विकास अधिकारी सर्वप्रथम ब्लाक के प्रशासनिक भवन, आवासीय परिसर एवं बैठक कक्ष का निरीक्षण किया गया। ब्लाक परिसर में जगह-जगह पानी भरा हुआ था तथा साफ-सफाई की स्थिति असंतोषजनक पायी गयी। मुख्य विकास अधिकारी द्वारा सहायक विकास अधिकारी पंचायत को एक सप्ताह में परिसर की समुचित साफ-सफाई कराने के निर्देश दिये गये। ब्लाक में आवासीय परिसर काफी बड़ा है, परन्तु आवासों की मरम्मत एवं साफ-सफाई न होने के कारण भवन जीर्ण-शीर्ण हो गये हैं इसके अतिरिक्त परिसर में बना पंचायत भवन में चकबन्दी कार्यालय चल रहा है जो कि काफी बदहाल स्थिति में तथा सचिव आवास भी मरम्मत योग्य है। मुख्य विकास अधिकारी द्वारा क्षेत्र पंचायत निधि से ब्लाक परिसर में अवस्थित आवासों की मरम्मत कराये जाने के निर्देश खण्ड विकास अधिकारी को दिये गये।
मुख्य विकास अधिकारी द्वारा स्थापना पटल के विभिन्न अभिलेख यथा गार्ड फाइल, स्थापना गार्ड फाइल, सर्विस बुक, जी0पी0एफ0 पासबुक, रजिस्टर आफ रजिस्टर, रजिस्टर आफ फाइल, निरीक्षण पंजिका, भवन पंजिका,भूमि पंजिका,मूवमेन्ट रजिस्टर, उपस्थित पंजिकाओं का निरीक्षण किया गया तथा अभिलेख पूर्ण पाये जाने पर आर्येन्द्र पाण्डेय, वरिष्ठ सहायक को प्रशंसा प्रविष्टि दी गयी। लेखा पटल से संबंधित ग्रान्ट रजिस्टर भाग- 01,भाग- 02,भाग-03 का निरीक्षण किया गया तथा विभिन्न मदों में अवशेष धनराशियों के नियमानुसार निस्तारण के निर्देश दिये गये।
मनरेगा, आवास, ग्रामीण आजीविका मिशन एवं पंचायती राज विभाग,कृषि विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की समीक्षा की गयी तथा मनरेगान्तर्गत डिले पेमेन्ट की स्थिति खराब पाये जाने पर डिले पेमेन्ट की प्रगति जनपद के औसत के बराबर आने तक खण्ड विकास अधिकारी संतोष वर्मा एवं ए0पी0ओ0 अतुल राय का वेतन/मानदेय बाधित किया गया।
एन0आर0एल0एम0 के अन्तर्गत 04 ब्लाक मिषन मैनेजर एवं 01 सहायक विकास अधिकारी, आई0एस0बी0 तैनात हैं, परन्तु योजनान्तर्गत अपेक्षित प्रगति न पाये जाने पर उक्त चारों बी0एम0एम0 एवं सहायक विकास अधिकारी, आई0एस0बी0 को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश उपायुक्त,स्वतः रोजगार को दिये गये।
निरीक्षण के समय डा0 संतोष वर्मा, खण्ड विकास अधिकारी, अतुल राय, ए0पी0ओ0 एवं अन्य ब्लाक स्तरीय अधिकारी कर्मचारी उपस्थित रहे।
