
सत्यबन्धु भारत।अरूण शुक्ला
बाराबंकी,जोरावरपुर गांव की महिलाओं ने शुक्रवार की शाम को कच्ची शराब बनाने के स्थल पर पहुंची पुलिस टीम पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। महिलाओं की पिटाई में दारोगा रामराज चौधरी व सिपाही रामकरन यादव जख्मी हुए। दो अन्य सिपाहियों को भी हल्की चोटें आई हैं। जख्मी पुलिस कर्मियों को इलाज के लिए सीएचसी बनीकोकोडर में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद रामसनेहीघाट सहित आसपास के चार थानों की पुलिस गांव में एएसपी मनोज पांडेय के नेतृत्व में पहुंची। पुलिस के पहुंचने पर गांव में सन्नाटा दिखा। उधर, पुलिस देर रात तक गांव में आरोपितों की तलाश में जुटी रही। जख्मी दारोगा रामराज चौधरी ने बताया कि जोरावरपुर मजरे राघवपुर में कच्ची शराब बनाए जाने की सूचना मुखबिर से मिली थी। इस पर दारोगा श्री नाथ मिश्र के साथ ही मिथुन गिरी, पुरुषोत्तम व रामकरन यादव के साथ पांचू के घर में दबिश दी गई तो वहां शराब बना रहे पांचू सहित अन्य लोग भाग गए। एक व्यक्ति पकड़ में आ गया जिसे छुड़ाने के लिए महिलाओं ने मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान वह व्यक्ति भाग निकला। एएसपी मनोज पांडेय ने बताया कि पांचू के घर में शराब बनाने का लहन काफी मात्रा में बरामद हुआ है। जांच की जा रही है।रामसनेहीघाट क्षेत्र में कच्ची शराब बनाने की सूचना पर पुलिस टीम दबिश देने गई थी। यहां पुलिस टीम पर हुए हमले की जानकारी आबकारी विभाग के अफसरों को रात पौने दस बजे तक नहीं थी। इससे आबकारी विभाग की सक्रियता का सहज अंदाजा लगाया जा सकता है। जिला आबकारी अधिकारी राजेंद्र प्रसाद ने बताया कि आबकारी टीम वहां नहीं गई।
