सत्यबन्धु भारत
हरदोई। जिले में अपराध नियंत्रण व अपराधियों की गिरफ्तारी हेतु एसपी अजय कुमार के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान ऑपरेशन शिकंजा के तहत पुलिस ने बड़ी कार्यवाही करते हुए प्री-एक्टिवेट सिम बेचने बाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए चार अभियुक्तों को गिरफ्तार किया। पुलिस को अभियुक्तों के पास दूसरे के नाम व पते के सिम मिलने के पश्चात छानबीन से ज्ञात हुआ कि प्री एक्टीवेटेड सिम बेचने वाला गिरोह हरदोई जनपद में सक्रिय है। इस गिरोह को पकड़ने के लिए पुलिस अधीक्षक द्वारा क्षेत्राधिकारी शहर, सर्विलांस तथा एसओजी टीम व कोतवाली शहर को लगाया गया था। मुखबिर की सूचना पर सांडी रोड पर स्थित बड़ी नहर पुलिया के पास चार व्यक्ति राहुल कुमार पुत्र विनोद कुमार निवासी बमटापुर, विवेक सिंह उर्फ सत्यम सिंह पुत्र शेर सिंह निवासी सेमरा, दुलीचंद पुत्र संतराम निवासी सुरैना थाना सांडी व गौरव त्रिवेदी पुत्र कृष्ण प्रकाश निवासी बावन थाना लोनार जनपद हरदोई को विभिन्न दूरसंचार कंपनियों के प्री एक्टीवेटेड मोबाइल सिम के साथ खरीद-फरोख्त करते हुए गिरफ्तार किया गया। जिनके पास से 88 प्री एक्टीवेटेड सिम, 2 लैपटॉप,2 अंगूठा स्कैनर, 2 बैग,15 फोटो, 5 मोबाइल फोन, 2 मोटरसाइकिल बरामद की गई।
वही एसपी अजय कुमार ने बताया कि यह गिरोह गांव में घूम घूमकर सिम बेचते थे। इस दौरान जब कोई व्यक्ति अपना अंगूठा लगाकर अपना आधार कार्ड सत्यापित करता है। तब उसी व्यक्ति से रिचार्ज के बहाने दूसरा सिम अंगूठा लगाकर एक्टिवेट कर लेते थे और उसे अपने पास रख लेते थे बाद में ऊंचे दामों पर हरदोई व आसपास के जिलों में बेचते थे। पुलिस ने गिरफ्तार चारों अभियुक्तों जेल भेज दिया।
