ग्रामीणों द्वारा जर्जर मार्ग के सुदृढ़ीकरण हेतु कई बार जनप्रतिनिधियों से की मांग,नही दिया ध्यान

सत्यबन्धु भारत । सन्दीप कुमार
माधौगंज,हरदोई। कटरा-बिल्हौर हाईवे मार्ग से जुड़े रसूलापुर गांव से होकर गुजरने वाले विकासखंड माधौगंज की ग्राम सभा भिठाई - काजीपुर सम्पर्क मार्ग बारिश के पानी का जलभराव हो जाने से राहगीरों की मुसीबतें अत्याधिक बढ़ गई है। जिससे लोगों को आवागमन में काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ऊंचागांव, मोहद्दीनपुर नईबस्ती, काजीपुर, फरहतनगर, भिठाई रसूलापुर आदि के ग्राम वासियों में जर्जर गड्ढायुक्त बदहाल मार्ग को लेकर काफी नाराजगी है। फिलहाल बरसात के मौसम में पैदल निकलने वाले राहगीरों का आवागमन बिल्कुल बंद हो गया है। वहीं मोटरसाइकिलें, कारें, ट्रैक्टर आदि वाहनों के चालकों को काफी दिक्कतें उठानी पड रही हैं। रास्ते से होकर गुजरने वाले कई मोटरसाइकिल सवार गिरकर चुटहिल भी हो चुके हैं वैसे उक्त संपर्क मार्ग से प्रतिदिन हजारों की संख्या में राहगीरों का आवागमन होता है। एक ओर जहाँ सरकार ने सभी की मूलभूत सुविधाओं के लिए करोड़ों रुपये आवंटित कर विकास कार्यों के लिए सराहनीय कदम उठाए हैं । वहीं अखबार में नाम न छापने की शर्त पर दर्जनों लोगों ने बताया कि खस्ताहाल मार्ग के बारे में कई बार प्रतिनिधियों का ध्यान आकर्षित करवाया गया। लेकिन प्रतिनिधियों ने जनता को गुमराह करते हुए सिर्फ झूठा आश्वासन दिया। जल्द खस्ताहाल संपर्क मार्ग का निर्माण कार्य नहीं कराया गया तो आगामी चुनाव में जनता सबक सिखाने के लिए संकल्पित रहेगी। ग्रामवासियों ने प्रशासन से जनहित में उक्त संपर्क मार्ग को अविलंब बनवाए जाने की मांग की है।
