
सत्यबन्धु भारत
टडियांवा,हरदोई। टड़ियावां के प्राथमिक पाठशाला नन्हे में तैनात शिक्षामित्र पिछले छह माह से कैंसर की भयंकर बीमारी से जूझ रहे हैं। आर्थिक स्थिति खराब होने के कारण बीईओ के नेतृत्व में पहुंचे शिक्षकों ने परिवार को न सिर्फ बल दिया बल्कि 74501 की राशि एकत्र कर एक सराहनीय पहल की। बीईओ ने विश्वास जताया कि अभी अन्य शिक्षक भी अपनी अपनी स्वेच्छा से उनके एकाउंट में राशि भेजकर उनका सहयोग करेंगे।
खंड शिक्षा अधिकारी डॉ. सत्यप्रकाश ने बताया कि ग्राम नन्हे के ही निवासी शिक्षामित्र प्रेम कुमार छह माह से कैंसर से पीड़ित हैं। घर में उनकी पत्नी व एक विवाहित पुत्र व तीन पुत्रियां हैं। वे दो पुत्रियों की शादी कर चुके हैं। उनके परिवार के पास छह बीघा खेत है बस उसी से भरण पोषण चलता है।
पिछले माह उन्होंने लखनऊ से मुंह के कैंसर का ऑपरेशन कराया था। इसके बाद कीमो थैरपी करा रहे हैं। इन दिनों शिक्षामित्र की मनोदशा जानकर शिक्षा विभाग के सहयोगियों ने उनको सहयोग करने के लिए राशि एकत्र की। करीब 74 हजार 501 की राशि सोमवार को उनके पुत्र पुष्पेंद्र को सौंप दी गई।
