इस वर्ष भारत अंग्रेजों की गुलामी की ज़ंजीरें तोड़ कर आजादी पाने की 75वीं वर्षगांठ मना रहा है। सद्भावना समिति द्वारा इस उपलक्ष्य में झंडारोहण एवं देशभक्ति गीत, संगीत, नृत्य का कार्यक्रम सद्भावना प्रशिक्षण केंद्र, भानमऊ के प्रांगण में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में लगभग 350 लोगों ने भाग लिया और आज़ादी का जश्न पूरे उत्साह, उमंग से मनाया।
समिति की अध्यक्षा सुश्री अपर्णा मिश्रा ने झंडारोहन किया व देश को आज़ादी दिलाने वाले बलिदानियों और स्वतन्त्रता सेनानियों को याद करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर उन्होने कहा कि हमारे महान स्वतन्त्रता सेनानियों के त्याग, संघर्ष और बलिदान से हमने यह अनमोल आज़ादी पाई है। जाति, धर्म, क्षेत्र, भाषा, बोली जैसी विविधताओं वाले इस देश को हमें संवैधानिक मूल्यों के अनुरूप निरंतर आगे बढ़ाना होगा। अतः देश की युवा पीढ़ी पर एक बड़ी ज़िम्मेदारी है और उम्मीद है वे इसे बखूबी निभाएंगे।
प्रशिक्षण केंद्र की महिलाओं/ बालिकाओं ने देशभक्ति गीत प्रस्तुत किए जिन्हें सुनकर सभी उपस्थित लोग जोश में आ गए और पूरा प्रांगण भारत माता की जयकार से गूंज उठा।
कार्यक्रम के अंत में सावन माह के उपलक्ष्य में सभी महिलाओं को हरे रंग की चूड़िया पहनाई गयी जिसमें सभी ने बढ़-चढ़ कर भाग लिया। कार्यक्रम के संचालन मेँ तोमोशा मुखर्जी, शकुंतला सिंह, प्रवीण बानो, सूरज सोनी, विनोद, सीमा देवी के साथ अंजुम बानो, नीशु, प्रियंका, ममता, विद्यावती, नाज़िया ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।





