सुरसा थानाक्षेत्र में अनियंत्रित तेज रफ्तार वैन व कार की हुई आपस में भिड़ंत

सत्यबन्धु भारत। सन्दीप कुमार
सुरसा,हरदोई। सुरसा कोतवाली क्षेत्र में बिलग्राम-हरदोई मार्ग पर मझिला पुल के पास सोमवार की देर शाम तेज रफ्तार अनियंत्रित कार व वैन की आमने-सामने भयंकर भिड़ंत होने से चीख-पुकार मच गई। इस सड़क हादसे में वैन में सवार चालक समेत तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं गंभीर रूप से घायल एक युवक की इलाज के दौरान लखनऊ में मौत हो गई। उधर माधौगंज नगर पंचायत अध्यक्ष के भाई समेत अन्य आठ लोग घायल हो गए। सड़क हादसे की सूचना मिलते ही तत्काल मौके पर पहुंची पुलिस ने क्षेत्रीय लोगों की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार सोमवार को टड़ियावां थाना क्षेत्र के गांव टेनी निवासी शारदा (50) मोहनलाल (55), प्रेमपाल (20), पवन पाल (20), बालक राम (45) निवासी गांव ग्राम टेनी व रिश्तेदार होरीलाल (50) निवासी गांव कटिया देवरिया थाना हरियावां के साथ वैन से सुरसा के गांव ढूरपुर निवासी अपनी बेटी के यहां तिजिया (गुड़िया) देने गए थे। वहां से वापस आते समय हरदोई-बिलग्राम मार्ग पर जैसे ही मझिला पुल के पास पहुंचे,सामने से आ रही तेज रफ्तार कार से भिड़ंत हो गई। हादसे में वैन चालक रॉबिन (30) समेत सभी लोग व कार सवार माधौगंज नगर पंचायत अध्यक्ष अनुराग मिश्रा के भाई सुधीर मिश्रा (45), उनके साथी संजीव गुप्ता (50), मनोज शुक्ला (50) व एक अन्य निवासी कस्बा माधौगंज घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को जिला अस्पताल भिजवाया। जहां चिकित्सकों ने वैन चालक रॉबिन निवासी गांव थमरवा, वैन सवार मोहन लाल व होरीलाल को मृत घोषित कर दिया। माधौगंज नगर पंचायत अध्यक्ष के भाई सुधीर मिश्रा की हालत गंभीर होने पर लखनऊ रेफर कर दिया गया। बहीं सड़क हादसे में घायल एक अन्य युवक ने मंगलवार को इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
