सत्यबन्धु भारत
न्यूज़ डेस्क। अफगानिस्तान पर संपूर्ण कब्जे के बाद कट्टरवादी संगठन तालिबान पहली बार मीडिया के जरिए दुनिया से मुखातिब हुआ है। इस प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान तालिबान के प्रवक्ता जबीहुल्ला मुजाहिद ने अपने सम्बोधन में कई बड़े आश्वासन दिए हैं।
यदि मुजाहिद की प्रेस कॉन्फ्रेंस की कुछ प्रमुख बातों पर नजर डालें तो, उन्होंने खास तौर पर महिला अधिकारों और अफगानिस्तान के विकास के मुद्दे पर विशेष जोर डाला
1- दूतावास की सुरक्षा का वायदा
अपने संबोधन में मुजाहिद ने कहा कि काबुल में विदेशी दूतावासों की सुरक्षा तालिबान के लिए अहम है और वे संकल्प लेते हैं कि दूतावास पूरी तरह सुरक्षित रहेंगें। मुजाहिद ने कहा, "इस्लामिक अमीरात दुनिया के तमाम देशों से वादा कर रहा है कि अफगानिस्तान से किसी देश को कोई खतरा नहीं होगा।
2- किसी से कोई दुश्मनी नहीं
मुजाहिद ने कॉन्फ्रेंस के दौरान ये भी कहा कि तालिबान की किसी के साथ कोई दुश्मनी नही है। और संगठन ने अपने अगुवानों के आदेश पर सभी को माफ कर दिया है।
3- अन्य देश करें सम्मान
मुजाहिद ने कहा- अफ़गानों को हमारे लोगों के मूल्यों से मेल खाने वाले नियमों को लागू करने का अधिकार है; इसलिए अन्य देशों को इन नियमों का सम्मान करना चाहिए।
4- महिलाओं के अधिकार
महिलाओं के संदर्भ में मुजाहिद ने कहा कि तालिबान इस्लाम की सीमाओं में महिलाओं को उनके अधिकार प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध हैं। महिलाएं स्वास्थ्य समेत उन सभी अन्य क्षेत्रों में काम कर सकती हैं, जहां उनकी जरूरत होगी। महिलाओं के साथ कोई भेदभाव नहीं होगा।
5- ना कोई बदला, ना तलाशी, सभी को माफी
मुजाहिद के मुताबिक तालिबान किसी भी पूर्व सैन्य सदस्य और विदेशी बलों के साथ काम करने वाले किसी भी व्यक्ति सहित किसी से भी बदला नही लेगा। साथ ही उनके घरों की भी तलाशी नहीं ली जाएगी। तालिबान ने सभी को माफ कर दिया है। चाहे वे शासन में हो या अमेरिकी सेना के साथ काम करने वाले।
6- मीडिया को आजादी, लेकिन इस्लाम विरोधी ना हो
मुजाहिद ने इस कॉन्फ्रेंस में ये भी दावा कि तालिबान चाहता है कि सभी मीडिया संस्थान अपनी गतिविधियां जारी रखें। लेकिन उन्हें तीन बातों का ध्यान रखना होगा- कोई भी प्रसारण इस्लामी मूल्यों के विपरीत नहीं होना चाहिए, उन्हें निष्पक्ष होना चाहिए, किसी को भी ऐसा कुछ भी प्रसारित नहीं करना चाहिए जो अफगानिस्तान के राष्ट्रीय हितों के खिलाफ हो।
7- युद्ध के दौरान हुई लोगों की मौतें दुर्घटना, जल्द ही हालात होंगे सामान्य
अपने संबोधन में मुजाहिद ने कहा युद्ध के दौरान लोगों और उनके परिवारों को जो नुकसान हुआ वह जानबूझकर नहीं किया गया और अनियंत्रित स्थिति में हुआ। अगर ऐसा हुआ है तो यह दुर्भाग्यपूर्ण है, साथ ही काबुल शहर में स्थिति जल्द ही सामान्य हो जाएगी।
8- चाहते हैं युद्ध की समाप्ति
साथ ही मुजाहिद ने ये भी कहा हम एक ऐसी सरकार बनाना चाहते हैं, जिसमें सभी पक्ष शामिल हों। हम युद्ध को खत्म करना चाहते हैं।
9- नहीं होगा नशे का कारोबार
मुजाहिद ने ये भी कहा कि तालिबान दुनिया को आश्वस्त कर सकता है कि अफगानिस्तान अब अफीम की खेती या नशीली दवाओं के कारोबार का केंद्र नहीं रहेगा, और उन्हें अफीम की खेती के विकल्प को बढ़ावा देने के लिए दुनिया के समर्थन की जरूरत है।
हालांकि अब ये देखने वाली बात होगी तालिबान अपने इन दावों पर कितना कायम रह पाता है।
