
सत्यबन्धु भारत। विजय नारायण शुक्ला
हैदरगढ़ (बाराबंकी)। तहसील बार एसोसिएशन के आंदोलन को एक माह पूरा होने के बाद भी मांगें पूरी नहीं होने से अधिवक्ताओं में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। शुक्रवार को विरोध प्रदर्शन व नारेबाजी कर हाईवे जाम कर दिया गया। इससे कुछ समय तक आवागमन पूरी तरह से बाधित रहा।
तहसील बार एसोसिएशन का एक माह से विरोध प्रदर्शन चल रहा है। शुक्रवार को अधिवक्ताओं का आक्रोश भड़क गया। नारेबाजी के बीच अधिवक्ताओं ने हाईवे पर विरोध प्रदर्शन कर 15 मिनट के लिए आवागमन ठप कर दिया। तहसीलदार विश्वमित्र व उप निबंधक निधि चतुर्वेदी पर भ्रष्टाचार के आरोप में स्थानांतरण की मांग को लेकर अधिवक्ता विरोध प्रदर्शन व अनशन कर रहे हैं। अनशन स्थल पर पहुंचे सपा नेता गौतम रावत ने अधिवक्ताओं की मांग का समर्थन किया। बार अध्यक्ष अचल कुमार मिश्र ने कहा कि अधिवक्ताओं की मांगें पूरी नहीं हुई तो जल्दी ही जिला मुख्यालय पर धरना शुरू किया जाएगा। इस मौके पर महामंत्री हरिश्चंद्र सिंह, पूर्व अध्यक्ष यशकरन तिवारी, अश्विनी पांडेय, राजेश श्रीवास्तव, अंजनी श्रीवास्तव, रामकरन रावत, उदय मिश्र, राकेश मिश्र मौजूद रहे।
