
सत्यबन्धु भारत
जम्मू-कश्मीर के कुलगाम जिले में मंगलवार को आतंकियों ने भारतीय जनता पार्टी (BJP) के एक नेता की गोली मारकर हत्या कर दी। मृतक बीजेपी नेता की पहचान जावेद अहमद डार (Javeed Ahmad Dar) के रूप में हुई है, जो होमशालीबाग (Homshalibugh) विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र के अध्यक्ष थे। अगस्त में कश्मीर में आतंकवादियों द्वारा बीजेपी नेता की यह दूसरी हत्या है।
अहमद डार को उनके घर के बाहर घात लगाकर बैठे हमलावरों ने गोली मारी, जिसके बाद वह लहूलुहान होकर मौके पर ही गिर पड़े। गोली लगने के बाद डार को कुलगाम के स्थानीय अस्पताल में पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। BJP ने इस घटना की निंदा करते हुए इसे आतंकवादियों द्वारा शर्मनाक और कायरतापूर्ण कृत्य बताया है।
समाचार एजेंसी एएनआई ने बताया कि कश्मीर में बीजेपी के मीडिया सेल के प्रमुख मंजूर अहमद ने हत्या की निंदा की। पार्टी ने कहा कि जिस तरह से BJP ने कश्मीर में विकास कार्य किए हैं उसकी हताशा इन आतंकियों में देखी जा सकती है। दहश्तगर्दों को यह बात खटकती है कि भारत के स्वतंत्रता दिवस पर ISI और पाकिस्तान के झंडे फहराए जाने की जगह भारत के झंडे फहराए जा रहे हैं।
इसी बीच जम्मू-कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री और JKNC नेता उमर अब्दुल्ला ने घटना पर नाराजगी जताई है। अब्दुल्ला ने कहा कि कुलगाम से बुरी खबर सामने आ रही है। जावेद अहमद को बेरहमी से मार दिया गया। मैं इस आतंकी हमले की निडरता से निंदा करता हूं। एनसी नेता ने पीड़ित परिवार के प्रति संवेदना जताई। अल्लाह उन्हें जन्नत में जगह दे।
इससे पहले 9 अगस्त को अनंतनाग के लाल चौक इलाके में गुलाम रसूल डार और उनकी पत्नी जवाहर बानो के किराए के मकान में आतंकी घुस आए थे और उन्हें नजदीक से गोली मार दी थी। 65 वर्षीय डार BJP किसान मोर्चा के कुलगाम जिलाध्यक्ष और सरपंच थे। उसकी पत्नी भी उसी गांव की पंच थी।
