नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत,गन्ने के खेत में शव बरामद
नवविवाहिता के गर्दन व पांव पर मिले चोट के निशान।
05 दिन पहले इसी गाँव में संदिग्ध परिस्थितियों में गन्ने के खेत मे हुई थी युवक की हत्या
सत्यबन्धु भारत
सन्दीप कुमार
शाहाबाद,हरदोई। अभी पाँच दिन पहले शाहाबाद कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम दौलतियापुर में संदिग्ध परिस्थितियों में गन्ने के खेत में पानी लगा रहे युवक की हत्या की तस्वीर साफ भी नही हो पाई थी कि उसी गांव में आज एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से पूरा क्षेत्र सहम गया। बहीं एक ही गांव में एक सप्ताह के अंदर हुई दूसरी हत्या से पुलिस के भी हाँथ-पॉंव फूल गए हैं।
संदिग्ध परिस्थितियों में नवविवाहिता की हत्या की सूचना मिलते ही एएसपी पश्चिमी कपिल देव सिंह व प्रभारी निरीक्षक शिवशंकर सिंह ने मौके पर पहुँचकर जांच-पड़ताल करते हुए शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार शाहाबाद कोतवाली क्षेत्र के अन्तर्गत ग्राम दौलतियापुर निवासी रामरतन की 19 वर्षीय पुत्री नीरज देवी की शादी 15 जून को जलालाबाद निवासी विजय के साथ हुई थी। 17 जून को चौथी कराकर परिजन घर ले आए थे, जिसके बाद से लड़की मायके में ही रह रही थी। रविवार की सुबह सौंच के लिए घर से निकली थी। काफी देर तक घर वापस ना आने पर परिजनों ने खोज-बीन शुरू कर दी। जिसके बाद गांव के ही ठाकुर प्रसाद के गन्ने में युवती का संदिग्ध परिस्थितियों में शव पड़ा मिलने पर गांव में सनसनी फैल गई। वहीं एएसपी पश्चिमी कपिल देव सिंह ने मौके पर पहुंचकर घटना-स्थल का बारीकी से निरीक्षण किया तो मृतका के गर्दन व पैर में चोट के निशान स्पष्ट दिखाई दे रहे थे। मृतका के कानों में झाले व गले की हसुली भी गायब मिली। एएसपी कपिलदेव ने मृतका के माता,पिता व भाइयों से अलग अलग पूछताछ कर प्रभारी निरीक्षक शिव शंकर सिंह को आवश्यक दिशा निर्देश दिए व घटना के खुलासे के अतिशीघ्र संकेत भी दिए।

