
सत्यबन्धु भारत। अरुण शुक्ला
बाराबंकी। जिले में सक्रिय चोरों पर पुलिस रोक नहीं लगा पा रही है। दो थाना क्षेत्र के छह घरों में पहुंचे चोरों ने जमकर उत्पात मचाया। चोर यहां से नकदी समेत लाखों का सामान उठा ले गए। मामले की जानकारी पर पुलिस ने जांच शुरू की है।
चोरी की पहली घटना मसौली थाना क्षेत्र के ग्राम नहामऊ निवासी मुलायम सिंह यादव के घर शुक्रवार रात चोरों ने कमरे में नकब लगाकर उसे रखा दो करपा मेंथा ऑयल और बक्सा का ताला तोड़कर 30 हजार रुपए नकद चुराकर भाग निकले। लेकिन गांव के कुछ लोगों की आहट से चोर एक करपा मेंथा ऑयल छोड़कर भाग गए। वहीं असंद्रा थाना क्षेत्र में बीती रात एक पंचायत के पांच घरों में चोरी कर चोरों ने पुलिस की सक्रियता की सारी पोल खोल कर रख दी है।मामला थाना क्षेत्र के टांडा पंचायत का है। यहां के निवासी चंद्रशेखर निषाद के मकान में शुक्रवार रात चोरों ने नकब लगा दी। चोर नगदी समेत हजारों का कीमती सामान उठा ले गए। इसी रात गांव के ही निवासी संजय निषाद के मकान में भी चोर घुस आए और कीमती सामान उठा ले गए। चोरियों का सिलसिला यही नहीं थमा।
चोर गांव के दयानंद, धर्मराज और पुत्तीलाल के मकानों में भी घुसकर नगदी, जेवर, अनाज व गृहस्थी का कीमती सामान उठा ले गए। शनिवार सुबह चोरी की इन घटनाओं की जानकारी होते ही पूरी पंचायत में हड़कंप मच गया। इसकी सूचना पाकर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक पूछताछ कर वापस लौट आई। मौके पर एएसपी दक्षिणी मनोज पांडेय ने भी पहुंचकर जांच की है। एएसपी ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर चोरों का पता लगा रही है।बदमाशों का पता नहीं लगा सकी शहर की पुलिस
शहर इलाके के गदिया गांव में बृहस्पतिवार रात बदमाशों ने श्रीकेशन मौर्य के घर पर धावा बोला था। इस दौरान परिजनों के जागने पर बदमाश भाग निकले थे लेकिन परिवार पर हमला कर घायल कर दिया था। इन सभी का जहां जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है वहीं पुलिस ने अभी तक न तो मामले में केस दर्ज किया है और न ही आरोपियों का पता लगा सकी है। पुलिस की इस निष्क्रियता के चलते शहर में और भी मामले सामने आ सकते हैं। कोतवाली के एसएसआई अमित मिश्रा ने बताया कि तहरीर न मिलने के चलते केस दर्ज नहीं हो सका है। पुलिस टीम चोरों का पता लगा रही है।
