पुलिस प्रशासन की आंखों में धूल झोंक मिट्टी खनन माफिया रात में करते अवैध खनन

सत्यबन्धु भारत।सन्दीप कुमार
शाहाबाद,हरदोई। शाहाबाद कस्बा क्षेत्र में खनन माफिया सक्रिय हैं। शाहाबाद थानाक्षेत्र के अलग-अलग हिस्सों में अवैध रूप से मिट्टी का खनन किया जा रहा है। इसको लेकर प्रशासन बेबस है तो जिम्मेदार मौन साधे हुए हैं। थानों और चौकियों के सामने से मिट्टी से भरे ट्रैक्टर-ट्राली बेखौफ गुजरते रहते हैं, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं करता। यहाँ तक सूत्रों की माने तो दो दिन पूर्व महुआटोला चुंगी से कुछ दूरी पर किसान धर्मकांटे के पास खनन माफियाओं की मिट्टी भरी तेज रफ्तार ट्रेक्टर-ट्राली से हुए एक्सीडेंट में एक युवक को जान गवानी पड़ी। हालांकि एक्सीडेंट के बाद मौके से ट्रेक्टर-ट्राली फरार हो गया।
शाहाबाद थानाक्षेत्र के अंतर्गत पाली रोड पर सहोरा, मानिकपुर,मुरीदापुर के अगल-बगल गांवों में अवैध खनन खुलेआम चल रहा है। रात्रि तीन बजे से सुबह आठ-नौ बजे तक ट्रैक्टर ट्रालियों की आवाजाही खूब होती है। रात के समय दर्जनों ट्रैक्टर-ट्राली मिट्टी भरकर दौड़ने लगते हैं। खोदाई के काम में कई जेसीबी लगाई जाती हैं। खनन माफिया द्वारा सरकारी और निजी जमीनों से मिट्टी का खनन किया जा रहा है। सूत्रों की माने तो नीरज मिश्रा परसाई के द्वारा अवैध व नियम विरुद्ध खनन जोरों पर किया जाता है। नीरज कई सालों से शाहाबाद क्षेत्र में खनन के लिए प्रसिद्ध है।
प्रशासन की आंख में धूल झोंककर भूमि समतलीकरण की परमिशन लेकर भी आये दिन उपरोक्त मिट्टी खनन माफिया द्वारा खेतों को तालाब बना दिया जाता है।
इस संबंध में जब एडीएम हरदोई से बात की गई तो उन्होंने शाहाबाद एसडीएम को अवगत कराने के लिए कहा। नवनियुक्त एसडीएम सौरभ दुबे से बात करने पर उन्होंने जांचकर कार्यवाही की बात कही।
