
सत्यबन्धु भारत
न्यूज़ डेस्क। देश में लिंचिंग की घटनाओं और हिंदुत्व पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के प्रमुख मोहन भागवत (RSS Chief Mohan Bhagwat) के बयान पर असदुद्दीन ओवैसी (Asaduddin Owaisi) ने ट्वीट कर जवाब दिया है. हैदराबाद से सांसद और एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने भागवत के बयान पर टिप्पणी करते हुए कहा, "ये नफरत हिंदुत्व (Hindutva) की देन है. इन मुजरिमों को हिंदुत्ववादी सरकार की पुश्त पनाही हासिल है." एक के बाद एक ट्वीट करते हुए ओवैसी ने लिखा, "आरएसएस के भागवत ने कहा, 'लिंचिंग करने वाले हिंदुत्व विरोधी' इन अपराधियों को गाय और भैंस में फर्क नहीं पता होगा, लेकिन कत्ल करने के लिए जुनैद, अखलाक, पहलू, रकबर, अलीमुद्दीन के नाम ही काफी थे. ये नफरत हिंदुत्व की देन है. इन मुजरिमों को हिंदुत्ववादी सरकार की पुश्त पनाही हासिल है."
उन्होंने आगे लिखा, "केंद्रीय मंत्री के हाथों अलीमुद्दीन के कातिलों की गुलपोशी हो जाती है, अखलाक के हत्यारे की लाश पर तिरंगा लगाया जाता है, आसिफ को मारने वालों के समर्थन में महापंचायत बुलाई जाती है, जहां भाजपा का प्रवक्ता पूछता है कि क्या हम मर्डर भी नहीं कर सकते? कायरता, हिंसा और कत्ल करना गोडसे की हिंदुत्व वाली सोच का अटूट हिस्सा है. मुसलमानों की लिंचिंग भी इसी सोच का हिस्सा है. "
