लेटेस्ट खेल समाचार कोरोना देश राज्य क्राइम बिजनेस दुनिया नॉलेज ऑटो दुर्घटना ट्रेंडिंग लाइफ स्टाइल धर्म करियर टेक मनोरंजन

कोरोना की तीसरी लहर से निपटने को तैयार नहीं अस्पताल



 सत्यबन्धु भारत। अरुण शुक्ला

बाराबंकी। कोरोना की तीसरी लहर को लेकर लोगों में दहशत साफ दिखाई दे रही है। लेकिन स्वास्थ्य विभाग इसको लेकर जरा भी गंभीर नहीं दिखाई दे रहा है। तभी तो अभी तक जिला मुख्यालय पर एक पीकू वार्ड तक नहीं बनाया जा सका है। यहीं नहीं जिन अस्पतालों में ऑक्सीजन प्लांट लगाए जाने हैं वहां पर अभी तक प्लांट लगाए जाने का कार्य शुरू तक नहीं किया जा सका है। ऐसे में कोरोना की तीसरी लहर से विभाग कैसे निपटेगा इसका सहज ही अनुमान लगाया जा सकता है।विशेषज्ञ की अगस्त में कोरोना की तीसरी लहर आने की आशंका जताई है। शासन स्तर से बराबर निर्देश जारी किए जा रहे हैं कि तीसरी लहर आने से पहले चिन्हित अस्पतालों में सभी प्रकार की तैयारियां पूरी कर ली जाएं। विभाग का दावा है कि कोरोना से निपटने के लिए उसने सभी प्रकार की तैयारियां पूरी कर ली हैं। संयुक्त चिकित्सालय सिरौलीगौसपुर, सीएचसी सिद्धौर, फतेहपुर और त्रिवेदीगंज में दस-दस बेड के पीकू वार्ड तैयार कर लिए गए हैं।यहां पर ऑक्सीजन कंसंट्रेटर के साथ ही बी टाइप के ऑक्सीजन सिलेंडर, दवाएं, मास्क, नेबुलाइजर आदि उपलब्ध करा दिए गए हैं। इसके अलावा जिले की सभी सीएचसी पर दस-दस ऑक्सीजन कंसंट्रेटर के साथ ही आवश्यक दवाएं उपलब्ध करा दी गई हैं। विभाग भले ही कोरोना से निपटने की सभी प्रकार की तैयारियां पूरी होने का दावा कर रहा हो पर हकीकत ये हैं कि अभी तक जिला मुख्यालय पर एक पीकू वार्ड तक नहीं बनाया जा सका है। इससे सहज अंदाजा लगाया जा सकता है कि विभाग कोरोना की तीसरी लहर से निपटने के लिए कितना तैयार है।

यहां पर नहीं लग सके ऑक्सीजन प्लांट जिला अस्पताल, संयुक्त चिकित्सालय सिरौलीगौसपुर, सीएचसी फतेहपुर और सिद्धौर में ऑक्सीजन प्लांट लगाए जाने हैं। लेकिन आधी जुलाई बीत चुकी है और किसी भी अस्पताल में ऑक्सीजन प्लांट लगाए जाने का कार्य शुरू तक नहीं किया जा सका है। ऐसे में सिर्फ ऑक्सीजन कंसंट्रेटरों के सहारे कोरोना की तीसरी लहर से निपटने की तैयारियां चल रही हैं।

सीएमओ और सीएमएस से काफी उम्मीदें जिला मुख्यालय पर एक अदद पीकू वार्ड न बनाए जाने को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं की जा रही हैं। लेकिन जिले की जनता को नए सीएमओ और सीएमएस से काफी उम्मीदें हैं। लोगों का कहना है कि समय रहते ये दोनों अधिकारी इस समस्या का कोई न कोई हल जरुर निकाल लेंगे और जनहित में मुख्यालय के किसी अस्पताल में समय से पीकू वार्ड जरुर तैयार कर लेंगे।

कोरोना की तीसरी लहर से निपटने के लिए हम पूरी तरह से तैयार हैं। चार अस्पतालों में बने पीकू वार्डों में सभी प्रकार की सुविधाएं मुहैया करा दी गई हैं। सभी सीएचसी पर कम से कम दस-दस ऑक्सीजन कंसंट्रेटर उपलब्ध करा दिए गए हैं। चार अस्पतालों में ऑक्सीजन प्लांट लगाए जाने का कार्य जोरों पर चल रहा है। उम्मीद है कि ये प्लांट जल्द ही कार्य करना शुरू कर देंगे।

-डॉ. रामजी वर्मा, सीएमओ