
सत्यबन्धु भारत
उन्नाव। बांगरमऊ समाजवादी पार्टी के युवा नेता जावेद अख्तर के जन्मदिन पर आज कस्बा गंज मुरादाबाद में पत्रकार सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में नगर व क्षेत्र के करीब एक दर्जन पत्रकारो को सम्मानित किया गया। पत्रकार सम्मान समारोह मे सपा की वरिष्ठ नेता रचना सिंह ने कहा कि आज पत्रकारों के साथ दुर्व्यवहार हो रहा है और उनके दफ्तरों पर छापे मारे जा रहे हैं।भाजपा सरकार द्वारा उनकी कलम और आवाज दबाई जा रही है। पत्रकार लोकतंत्र का चौथा स्तंभ है। अगर उनकी आवाज दबा दी गई तो लोकतंत्र खतरे में पड़ जाएगा। पार्टी के सांस्कृतिक प्रकोष्ठ के प्रदेश सचिव वीरपाल यादव ने कहा कि आज देश का गरीब मजदूर, किसान, नौजवान, व्यापारी व पत्रकार सभी परेशान हैं। उन्होंने आजम खान के मुद्दे पर कहा कि राजनीतिक विद्वेष की भावना के चलते उनको और उनके परिवार को प्रताड़ित किया जा रहा है। अंत में आयोजकों ने केक काटकर सबका मुंह मीठा कराया और पत्रकारों को अंग वस्त्र भेंट कर सम्मानित किया। समारोह में हाजी सलीम कुरैशी, मौलाना जब्बार नूरी, हाफिज जमाल अख्तर, मधुराज यादव, डॉक्टर तस्कीन खां, कुलदीप यादव, फैसल खान, नौशाद खान, फरहान अहमद, रिहान मलिक, रोहित, कामिल कुरेशी, रिजवान कुरैशी, व इमरान कुरैशी आदि पार्टीजन एवं संभ्रांत नागरिक शामिल हुए।
