
(Image Source : Amarujala.com)
सत्यबन्धु भारत
उन्नाव। बांगरमऊ नगर में स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में विशेषज्ञ चिकित्सकों की तैनाती किए जाने के साथ ही एक्सरा, अल्ट्रासाउंड आदि जांचों की सुविधा मरीजों को अतिशीघ्र उपलब्ध कराने की मांग समाजसेवी फजलुर्रहमान ने मुख्यमंत्री से की है।
मुख्यमंत्री को भेजे गए पत्र में समाजसेवी फजलुर्रहमान ने कहा है कि नगर में स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में विशेषज्ञ चिकित्सक व एक्सरे, अल्ट्रासाउंड आदि की सुविधा उपलब्ध न होने के चलते मरीजों को प्राइवेट नर्सिंग होमों व प्राइवेट पैथोलॉजी सेंटरों में जाकर उपचार व जाँचों की भारी कीमत चुकानी पड़ती है। जबकि नगर व क्षेत्र की लगभग 1 लाख से अधिक की आबादी इसी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर निर्भर करती है। इसके साथ ही लखनऊ-आगरा एक्सप्रेस वे पर होने वाली दुर्घटनाओं में गंभीर रूप से घायल व्यक्तियों को यहां उपचार के लिए लाया जाता है। इसके अलावा हरदोई-उन्नाव मार्ग, बांगरमऊ-लखनऊ मार्ग, बांगरमऊ-संडीला मार्ग व बांगरमऊ-बिल्हौर मार्ग पर आए दिन होने वाली दुर्घटनाओं में घायल व्यक्तियों को भी उपचार के लिए यही लाया जाता है। इसके साथ ही लड़ाई-झगड़ा करने वाले व्यक्तियों का मेडिकल भी पुलिस यहीं कराती है। लेकिन यहां पर स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में कोई विशेषज्ञ चिकित्सक उपलब्ध न होने व उपचार तथा जांचों की सारी सुविधाएं उपलब्ध न होने के चलते नगर व क्षेत्र के मरीजों व दुर्घटना में घायल व्यक्तियों को बाहर रिफर कर दिया जाता है। गंभीर रूप से दुर्घटना में घायल व गंभीर बीमारी से ग्रसित तमाम लोग इलाज के लिए उन्नाव, कानपुर और लखनऊ ले जाते समय रास्ते में ही दम तोड़ देते हैं।
सबसे आश्चर्यजनक बात यह है कि इस सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में हड्डी/ नाक, कान, गला/ आंख/ चेस्ट/ हृदय रोग/ पेट/ बाल रोग/ आदि का कोई भी विशेषज्ञ चिकित्सक तैनात नहीं है। इसके साथ ही यहां पर कोई महिला विशेषज्ञ चिकित्सक भी नहीं है। जिससे गंभीर मरीजों व दुर्घटना में घायल व्यक्तियों का उपचार नहीं हो पाता है। महिला चिकित्सक उपलब्ध न होने के कारण महिलाओं के डिलीवरी केस में भी काफी दिक्कतें आती हैं। ज्यादातर डिलीवरी केस में महिलाओं को बाहर रिफर कर दिया जाता है, यहां पर सिर्फ नॉर्मल डिलीवरी अन्य स्टाफ द्वारा कराई जाती है। यहां पर विशेषज्ञ चिकित्सकों व एक्सरा, अल्ट्रासाउंड आदि जाचों की सारी सुविधाएं उपलब्ध न होने का कारण गंभीर मरीजों व दुर्घटना में घायल व्यक्तियों का उपचार नहीं हो पाता है, और तमाम लोगों को अपनी जानें गंवानी पड़ती हैं। इस सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में विशेषज्ञ चिकित्सकों की नियुक्ति के साथ ही एक्सरे व अल्ट्रासाउंड आदि जांचों की सुविधा भी मरीजों को शीघ्र उपलब्ध कराए जाने की मांग समाजसेवी फजलुर्रहमान ने मुख्यमंत्री से की है।।
